ताजा खबरें | झारखंड की चार लोकसभा सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

रांची, 29 अप्रैल आम चुनाव के छठे चरण के लिए देश में अधिसूचना जारी होने के साथ ही झारखंड की उन चार लोकसभा सीट के लिए सोमवार से नामांकन करने की प्रक्रिया शुरू हो गई जहां 25 मई को मतदान होगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

झारखंड की गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान होगा।

निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू हुई और छह मई को पर्चा दाखिल करने की अंतिम तारीख तक रोज़ाना दोपहर तीन बजे तक जारी रहेगी।

नामांकन पत्रों की जांच सात मई को की जाएगी तथा पर्चा वापस लेने की अंतिम तारीख नौ मई है।

इन चार सीट के लिए विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (‘इंडिया’) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने अपने-अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं।

भाजपा के नेतृत्व वाले राजग में शामिल आजसू पार्टी ने गिरिडीह लोकसभा सीट से अपने मौजूदा सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने बाघमारा से अपने विधायक दुलु महतो को धनबाद लोकसभा सीट से, मौजूदा सांसद संजय सेठ को रांची लोकसभा सीट से और मौजूदा सांसद विद्युत बरन महतो को जमशेदपुर लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से, झामुमो ने टुंडी से अपने विधायक मथुरा महतो को गिरिडीह सीट से और बहरागोड़ा से विधायक समीर कुमार मोहंती को जमशेदपुर सीट से मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने बेरमो से विधायक जय मंगल सिंह की पत्नी अनुपमा सिंह को धनबाद से और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की बेटी यशस्विनी सहाय को रांची लोकसभा सीट से टिकट दिया है।

राज्य में लोकसभा की कुल 14 सीट हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)