जरुरी जानकारी | वैश्विक निवेशकों के लिये भारत सबसे बेहतर निवेश स्थल: मोदी

नयी दिल्ली, तीन सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत दुनिया में निवेश के लिये सबसे बेहतर स्थान है। यहां राजनीतिक स्थिरता के साथ नीतिगत मामले में एक भरोसा है और ये चीजें कोविड-19 महामारी के बाद भारत को निवेश के लिहाज से सबसे बेहतर स्थल बनाती हैं।

मोदी ने वीडियो कांफ्रेन्सिंग के जरिये अमेरिका-भारत रणनीतिक भागीदारी मंच को संबोधित करते हुए अपनी सरकार की तरफ से सुधारों की दिशा में उठाये गये कदमों का जिक्र किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत एक मजबूत लोकतांत्रिक और विविधता वाला देश है और इसमें हाल के महीनों में दूरगामी सुधार किये गये हैं।

यह भी पढ़े | बैंगलुरू: नौ महीनों से 50 करोड़ के घोटाला मामले में पूर्व बैंक कर्मचारी गिरफ्तार..

उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थिति में नयी सोच की जरूरत है जो मानव-केंद्रित हो। भारत ने कोविड-19 महामारी से निपटने के लिये रिकॉर्ड समय में अपनी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर यही काम किया है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत सामाजिक दूरी के बारे में अभियान शुरू करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों के रूप में मास्क लगाकर चेहरे को ढंकने की सबसे पहले वकालत करने वाले देशों में से एक था।

यह भी पढ़े | 7th Pay Commission: सभी श्रेणियों के केंद्रीय कर्मचारियों को मिलते ये महत्वपूर्ण भत्तें, जानें नियम.

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने कारोबार को आसान बनाने और लालफीताशाही को कम करने के लिए दूरगामी सुधार किये हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी को देखते हुए उनकी सरकार ने गरीबों की सहायता के लिये दुनिया का सबसे बड़ा कार्यक्रम-प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना की शुरूआत की। इसके तहत 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)