IND vs SA ICC U19 Womens T20 WC 2025 Final: फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराया, लगातार दूसरी बार जीता अंडर-19 टी20 विश्व कप का खिताब
भारत ने रविवार को यहां फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईसीसी महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप का खिताब जीता.
कुआलालंपुर, दो फरवरी: भारत ने रविवार को यहां फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईसीसी महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप का खिताब जीता. दक्षिण अफ्रीका के 83 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 52 गेंद शेष रहते 11.2 ओवर में एक विकेट पर 84 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की. गोंगाडी त्रिशा 33 गेंद में नाबाद 44 रन बनाकर भारत की ओर से शीर्ष स्कोरर रहीं. सानिका चाल्के ने भी 22 गेंद में नाबाद 26 रन की पारी खेली. इससे पहले त्रिशा (15 रन पर तीन विकेट) की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया जिससे दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 82 रन पर सिमट गई.
पारुनिका सिसोदिया (छह रन पर दो विकेट), आयुषी शुक्ला (नौ रन पर दो विकेट) और वैष्णवी शर्मा (23 रन पर दो विकेट) ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट चटकाए. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे दक्षिण अफ्रीका ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और उसकी तरफ से माइकी वान वूर्स्ट (23) शीर्ष स्कोरर रहीं. टीम की सिर्फ चार बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंच पाईं जबकि चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाईं.
भारत ने 2023 में फाइनल में इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर पहले आईसीसी महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप का खिताब भी जीता था.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 02, 2025 02:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

