एजेंसी न्यूज

BSP विधायक मुख्तार अंसारी का बड़ा आरोप, कोर्ट में बताया अपनी जान को खतरा

मऊ सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक मुख्तार अंसारी ने सोमवार को एक मुकदमे की वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये सुनवाई के दौरान गंभीर आरोप लगाया कि उनकी हत्या के लिये पांच करोड़ रुपये की सुपारी दी गयी है.

BSP विधायक मुख्तार अंसारी का बड़ा आरोप, कोर्ट में बताया अपनी जान को खतरा
मुख्तार अंसारी (Photo Credits-PTI)

लखनऊ: मऊ सीट से बहुजन समाज पार्टी (BSP) के विधायक मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) ने सोमवार को एक मुकदमे की वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये सुनवाई के दौरान गंभीर आरोप लगाया कि उनकी हत्या के लिये पांच करोड़ रुपये की सुपारी दी गयी है. अंसारी के अधिवक्ता रणधीर सिंह सुमन ने बताया कि फर्जी एम्बुलेंस मामले में बसपा विधायक को बांदा जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये बाराबंकी की विशेष सत्र न्यायाधीश मौसमी मदेशिया की अदालत में पेश किया गया. सुनवाई के दौरान मुख्तार अंसारी ने बेहद गंभीर आरोप लगाए.

सुमन ने बताया, ‘‘अंसारी ने आरोप लगाया कि उनकी हत्या के लिये पांच करोड़ रुपये की सुपारी दी गई है। सूचना मिली है कि किसी को उनकी हत्या करने और इसके बदले में उसे पांच करोड़ रुपये देने को कहा गया है. सुमन के मुताबिक मुख्तार अंसारी ने सुनवाई के दौरान न्यायाधीश के सामने यह आशंका भी जताई कि जेल में उनकी हत्या की जा सकती है. यह भी पढ़े: Uttar Pradesh: मुख्तार अंसारी पर हो सकती है ये बड़ी कार्रवाई, मायावती की बढ़ सकती है टेंशन

गौरतलब है कि जबरन वसूली के एक मामले में अंसारी को गत 31 मार्च को पंजाब के मोहाली स्थित अदालत में पेश किया गया था। अंसारी को जिस एम्बुलेंस से लाया गया था, उस पर बाराबंकी की नंबर प्लेट लगी थी। जब पुलिस ने जांच की तो पाया कि मऊ के श्याम संजीवनी अस्पताल की संचालिका अलका राय और उनके कुछ सहयोगियों ने वर्ष 2013 में इस एम्बुलेंस का फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पंजीकरण कराया है। इस मामले में बाराबंकी की नगर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया, जिसमें मुख्तार अंसारी को साजिश और जालसाजी का आरोपी बनाया गया था.

इस मामले में मऊ की अस्पताल संचालिका डॉ. अलका राय, शेषनाथ राय, मो. सैयद मुजाहिद, राजनाथ यादव, आनंद यादव, शाहिद, सुरेंद्र शर्मा, अफरोज और एम्बुलेंस चालक सलीम को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अंसारी बांदा जेल में बंद है। इस मामले में अभी दो लोग फरार हैं, उन पर इनाम घोषित किया गया है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 16, 2021 09:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).