Who Is Leema Rose Martin? लीमा रोज मार्टिन तमिलनाडु विधानसभा की सबसे अमीर विधायक बनकर सामने आई हैं. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के मुताबिक, लीमा रोज मार्टिन ने अपने चुनावी हलफनामे में परिवार की कुल संपत्ति 5,863 करोड़ रुपये घोषित की है. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के बाद राज्य की राजनीति में आए बड़े बदलावों के बीच यह खुलासा काफी चर्चा में है. खासतौर पर अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (All India Anna Dravida Munnetra Kazhagam) की विधायक लीमा रोज मार्टिन अब राज्य की सबसे संपन्न एमएलए मानी जा रही हैं. Tamil Nadu Government Formation: तमिलनाडु में सरकार बनाने की तैयारी में विजय, 120 विधायकों के समर्थन के साथ पेश किया दावा
लीमा रोज मार्टिन का पहला चुनाव और बड़ी जीत
2026 विधानसभा चुनाव में पहली बार मैदान में उतरीं लीमा रोज मार्टिन ने तिरुचिरापल्ली जिले की लालगुड़ी सीट से जीत दर्ज की. एआईएडीएमके (AIADMK) उम्मीदवार के तौर पर उन्होंने 60,795 वोट हासिल किए और टीवीके (TVK) उम्मीदवार कू पा कृष्णन को 2,739 वोटों से हराया. कोयंबटूर की रहने वाली लीमा रोज मार्टिन, मशहूर कारोबारी सैंटियागो मार्टिन की पत्नी हैं, जिन्हें अक्सर भारत का "लॉटरी किंग" कहा जाता है. उनके चुनावी दस्तावेजों के अनुसार उनकी शैक्षणिक योग्यता कक्षा 6 तक है.
लीमा रोज मार्टिन की संपत्ति का पूरा ब्योरा
5,863 करोड़ रुपये की यह संपत्ति लीमा रोज मार्टिन, उनके पति सैंटियागो मार्टिन और बेटे जोस डेसन मार्टिन की संयुक्त संपत्ति है. व्यक्तिगत तौर पर लीमा रोज मार्टिन ने 139.62 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 909.94 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति घोषित की है.
परिवार की प्रमुख संपत्तियां
सैंटियागो मार्टिन के पास 3,262 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 887 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है.
बेटे जोस डाइसन मार्टिन ने 225 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 439 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति घोषित की है.
लीमा रोज मार्टिन के पास 19,233 ग्राम सोना, 1,217 कैरेट हीरे और 1.31 लाख ग्राम से ज्यादा चांदी मौजूद है.
परिवार के पास लग्जरी वाहनों का बड़ा कलेक्शन भी है. लीमा रोज मार्टिन के नाम 10 वाहन हैं, जबकि उनके पति के पास 24 वाहन और भारी मशीनें हैं, जिनमें BMW 530D, Lexus LX 570, एक्सकेवेटर और ट्रैक्टर शामिल हैं.
विधानसभा के अन्य अमीर विधायकों से कितनी आगे हैं लीमा रोज मार्टिन
लीमा रोज मार्टिन की घोषित संपत्ति दूसरे बड़े नेताओं से काफी ज्यादा है. उनकी कुल संपत्ति टीवीके प्रमुख जोसफ विजय की घोषित 648 करोड़ रुपये की संपत्ति से करीब नौ गुना ज्यादा है. इस सूची में विजय के बाद टीवीके के विल्लीवक्कम विधायक आधव अर्जुना का नाम आता है, जिनकी कुल संपत्ति 535 करोड़ रुपये बताई गई है. खास बात यह है कि आधारव अर्जुना, लीमा रोज मार्टिन के दामाद हैं. इस तरह राज्य के दो सबसे अमीर विधायक एक ही परिवार से जुड़े हुए हैं.
तमिलनाडु की बदली राजनीति के बीच चर्चा में संपत्ति
4 मई को घोषित तमिलनाडु विधानसभा चुनाव परिणामों में लगभग छह दशक से चली आ रही डीएमके और एआईएडीएमके की राजनीतिक पकड़ को बड़ा झटका लगा. अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलागा वेट्ट्री कज़गम 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. हालांकि 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है और टीवीके फिलहाल सहयोगी दलों का समर्थन जुटाने में लगी हुई है. वहीं डीएमके को 59 और एआईएडीएमके को 47 सीटें मिली हैं. ऐसे राजनीतिक बदलावों के बीच लीमा रोज मार्टिन की रिकॉर्डतोड़ संपत्ति ने तमिलनाडु की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है.













QuickLY