Tamil Nadu Government Formation: तमिलनाडु में सी जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) तमिलनाडु में सरकार बनाने के बेहद करीब पहुंच गई है. टीवीके प्रमुख सी जोसेफ विजय को 120 विधायकों का समर्थन मिल गया है, जिसके बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया है. 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है और विजय इस आंकड़े को पार कर चुके हैं. Tamil Nadu Government Formation 2026: तमिलनाडु में 'विजय' रथ की तैयारी, बहुमत के करीब पहुंचे थलपति विजय; CPI(M), CPI और VCK के समर्थन पर टिकी सरकार की किस्मत
टीवीके को ताजा समर्थन इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) की ओर से मिला है. आईयूएमएल विधायक दल के नेता एसएसबी सैयद फारूक बाशा और उपनेता एएम शाहजहां ने राज्यपाल प्रभारी राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को समर्थन पत्र सौंपकर टीवीके सरकार को समर्थन देने की जानकारी दी.
इससे पहले विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) ने भी टीवीके को समर्थन देने का ऐलान किया था. इसके बाद विजय ने सरकार बनाने के लिए जरूरी आंकड़ा हासिल कर लिया. ताजा आंकड़ों के मुताबिक टीवीके को कुल 120 विधायकों का समर्थन प्राप्त है. इनमें टीवीके के 107 विधायक, कांग्रेस के 5 विधायक, CPI और CPI(M) के 2-2 विधायक, VCK के 2 विधायक और IUML के 2 विधायक शामिल हैं.
तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान हुआ था. इस चुनाव में DMK, AIADMK, नाम तमिलर काची (NTK) और TVK के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली थी.
4 मई को घोषित नतीजों में TVK 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी. हालांकि विजय ने जीती हुई दो सीटों में से एक सीट रखने का फैसला किया, जिसके बाद पार्टी की प्रभावी संख्या 107 रह गई.
चुनाव नतीजों के बाद चेन्नई में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई थीं और TVK ने सरकार गठन के लिए कई दलों से संपर्क साधना शुरू किया था. CPI और CPI(M) ने सबसे पहले विजय को समर्थन देने का ऐलान किया था. इसके बाद कांग्रेस ने भी TVK के समर्थन में आने का फैसला किया. अब VCK और IUML के समर्थन से विजय ने सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत हासिल कर लिया है.
सूत्रों के मुताबिक विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात के लिए तत्काल समय मांगा है. बताया जा रहा है कि TVK नेतृत्व सहयोगी दलों के समर्थन पत्र सौंपकर औपचारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश करेगा. TVK महासचिव आधव अर्जुना ने कहा कि विजय जल्द ही तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. इस खबर के बाद राज्यभर में TVK कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल है.













QuickLY