Donald Trump on Tariff: अमेरिका ने चार लैटिन अमेरिकी देशों पर आंशिक रूप से टैरिफ हटाने का किया ऐलान
व्हाइट हाउस ने गुरुवार को कहा कि अमेरिकी प्रशासन अर्जेंटीना, ग्वाटेमाला, अल साल्वाडोर और इक्वाडोर के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौतों की रूपरेखा पर पहुंच गया है. इन समझौतों के तहत, संयुक्त राज्य अमेरिका उन कुछ चीज़ों पर लगने वाले टैरिफ हटाएगा जो यूएस में उगाई, निकाली या स्वाभाविक रूप से पैदा नहीं की जा सकती.
वाशिंगटन, 13 नवंबर : व्हाइट हाउस ने गुरुवार को कहा कि अमेरिकी प्रशासन अर्जेंटीना, ग्वाटेमाला, अल साल्वाडोर और इक्वाडोर के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौतों की रूपरेखा पर पहुंच गया है. इन समझौतों के तहत, संयुक्त राज्य अमेरिका उन कुछ चीज़ों पर लगने वाले टैरिफ हटाएगा जो यूएस में उगाई, निकाली या स्वाभाविक रूप से पैदा नहीं की जा सकती. इसके साथ ही चारों देश संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ सहयोग करने या कई क्षेत्रों में अपने बाजार खोलने पर सहमत हुए.
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इन समझौतों के तहत वाशिंगटन ग्वाटेमाला और अल सल्वाडोर के वस्त्र और परिधान उत्पादों पर पारस्परिक शुल्क भी हटाएगा. व्हाइट हाउस की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, अर्जेंटीना कुछ दवाओं, रसायनों, मशीनरी, सूचना प्रौद्योगिकी उत्पादों, मेडिकल डिवाइस, मोटर वाहनों और कृषि उत्पादों सहित अमेरिकी वस्तुओं के निर्यात के लिए बाजार में पहुंच बढ़ाने में मदद करेगा. हालांकि, स्थानीय मीडिया ने एक ब्रीफिंग कॉल में वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि संयुक्त राज्य अमेरिका अर्जेंटीना, ग्वाटेमाला और अल सल्वाडोर के अधिकांश सामानों पर 10 प्रतिशत और इक्वाडोर के अधिकांश सामानों पर 15 प्रतिशत शुल्क दर बनाए रखेगा. यह भी पढ़ें : भारत-कनाडा क्रिटिकल मिनिरल्स और क्लीन एनर्जी सहयोग को लेकर लॉन्ग-टर्म सप्लाई चेन पार्टनरशिप को देंगे बढ़ावा
व्हाइट हाउस आने वाले हफ्तों में समझौतों को अंतिम रूप देने की उम्मीद कर रहा है. बता दें, इस साल की शुरुआत में अमेरिकी प्रशासन द्वारा लगाए गए पारस्परिक शुल्कों ने हाल के महीनों में मुद्रास्फीति के दबाव को बढ़ा दिया, सितंबर में अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पिछले वर्ष की तुलना में 3 प्रतिशत बढ़ा है. केले, कॉफी और कोको जैसी वस्तुओं पर पारस्परिक शुल्कों को कम करने या हटाने से देश में मुद्रास्फीति के दबाव में कमी आने की उम्मीद है.
नवीनतम वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले महीने, आईएमएफ ने 2025 में अर्जेंटीना की आर्थिक वृद्धि के अपने पूर्वानुमान को घटाकर 4.5 प्रतिशत कर दिया था. नया अनुमान अप्रैल में जारी और जुलाई में पुनः पुष्टि किए गए 5.5 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि के पूर्वानुमान में कमी दर्शाता है. 2026 के लिए, आईएमएफ को उम्मीद है कि अर्जेंटीना की अर्थव्यवस्था में चार प्रतिशत की वृद्धि होगी, जबकि पहले 4.5 प्रतिशत का पूर्वानुमान लगाया गया था. इसके अलावा, वित्तीय संस्थान ने अर्जेंटीना की 2025 की मुद्रास्फीति के अपने अनुमान को बढ़ाकर 41.3 प्रतिशत कर दिया है. 2026 के लिए, मुद्रास्फीति घटकर 16.4 प्रतिशत होने की उम्मीद है. आईएमएफ का विकास पूर्वानुमान मोटे तौर पर विश्व बैंक के पूर्वानुमान के अनुरूप है, जिसने अर्जेंटीना की 2025 की जीडीपी वृद्धि के अपने पूर्वानुमान को घटाकर 4.6 प्रतिशत कर दिया था.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 14, 2025 02:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

