How Did India Look From Space: 'अंतरिक्ष से अद्भुत दिखता है भारत': NASA के इंटरव्यू में बोलीं सुनीता विलियम्स, पिता की जन्मभूमि आने की जताई इच्छा (Watch Video)
नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (NASA) की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने कहा भारत अंतरिक्ष से अद्भुत दिखता है. उन्होंने आशा व्यक्त की कि वह अपने ‘‘पिता की जन्मभूमि’’ जाएंगी.
How Did India Look From Space: नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (NASA) की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने कहा भारत अंतरिक्ष से अद्भुत दिखता है. उन्होंने आशा व्यक्त की कि वह अपने ‘‘पिता की जन्मभूमि’’ जाएंगी और वहां के लोगों के साथ अंतरिक्ष खोज के बारे में अपने अनुभव साझा करेंगी. सोमवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान सुनीता ने यह बात कही. उनसे पूछा गया था कि जब वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र में थीं तो वहां से भारत कैसा दिखता था और अंतरिक्ष खोज पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के साथ उनके सहयोग की कोई संभावना है?
इस पर उन्होंने कहा, ‘‘भारत अद्भुत है. मैं आपको बताना चाहूंगी कि हम जब भी हिमालय के ऊपर से गुजरे तो बुच ने हिमालय की कुछ अविश्वसनीय तस्वीरें लीं. बेहद अद्भुत है.’’
ये भी पढें: अंतरिक्ष से महाकुंभ देख रही थीं सुनीता विलियम्स; खींची थी प्रयागराज की तस्वीरें, आप भी देखें
'अंतरिक्ष से अद्भुत दिखता है भारत'
"भारत महान देश और अद्भुत लोकतंत्र है"- सुनीता विलियम्स
मैं अकेला भारतीय पत्रकार था जिसे कल रात सुनीता विलियम्स से सवाल पूछने का मौका मिला। 9 महीने बाद अंतरिक्ष से लौटीं सुनीता ने मेरे सवालों पर जो कुछ कहा, वो आज वर्ल्ड मीडिया में हैडलाइन्स हैं।
पूरी खबर- https://t.co/QIKhM1S5KZ pic.twitter.com/IKi7oRGovz
— Utkarsh Singh (@UtkarshSingh_) April 1, 2025
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का किया जिक्र
सुनीता विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर ने ‘स्पेसएक्स क्रू-9’ मिशन के तहत पृथ्वी पर लौटने के कुछ दिनों बाद अपने पहले संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. ये दोनों नौ माह से अधिक समय तक अंतरिक्ष में फंसे रहे थे. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे आशा और यकीन है कि मैं अपने पिता के देश (भारत) जाऊंगी और लोगों से मिलूंगी तथा अंतरिक्ष के बारे में अपने अनुभव साझा करूंगी. ‘एक्सिओम मिशन’ पर जा रहे भारतीय नागरिक शानदार हैं.’’
उन्होंने ये टिप्पणी ‘एक्सिओम मिशन 4’ (एक्स-4) वाणिज्यिक अंतरिक्ष यात्री मिशन का जिक्र करते हुए कीं, जिसमें भारत के मिशन पायलट शुभांशु शुक्ला भी शामिल होंगे. लखनऊ में जन्मे शुक्ला, 1984 में अंतरिक्ष में जाने वाले भारतीय वायुसेना के पूर्व अधिकारी राकेश शर्मा के बाद भारत के दूसरे अंतरिक्ष यात्री होंगे.
भारतीय खाने का भी किया जिक्र
उन्होंने कहा, ‘‘उनके पास वहां अपने देश का हीरो होगा जो इस बारे में बात कर सकेगा कि उनके दृष्टिकोण से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन कितना अद्भुत है. लेकिन मुझे उम्मीद है कि मैं किसी समय उनसे मिल पाऊंगी और हम भारत में जितना संभव हो सके उतने लोगों के साथ अपने अनुभव साझा कर सकेंगे, क्योंकि यह एक महान देश है, एक अद्भुत लोकतंत्र है, जो अंतरिक्ष के क्षेत्र में काम करने वाले देशों में अपना पैर जमाने की कोशिश कर रहा है और हम इसका हिस्सा बनना तथा उनकी मदद करना पसंद करेंगे.’’
सुनीता के पिता दीपक पंड्या गुजरात से थे और 1958 में अमेरिका आए थे. उन्होंने क्लीवलैंड, ओहायो में मेडिसिन में इंटर्नशिप और रेजीडेंसी ट्रेनिंग की. सुनीता का जन्म ओहायो में दीपक और उर्सुलाइन बोनी पंड्या के घर हुआ था. जब विल्मोर ने सुनीता से पूछा कि क्या वह अपने क्रू (चालक दल) सदस्यों को भारत की यात्रा पर अपने साथ ले जाने की योजना बना रही है, तो उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया ‘‘बिल्कुल. हम आपको मसालेदार भोजन खिलाएंगे, अच्छा रहेगा.’’
पीएम मोदी ने किया था स्वागत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुनीता और उनके साथी क्रू-9 सदस्यों का अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लंबे मिशन के बाद पृथ्वी पर लौटने पर स्वागत किया था. उन्होंने कहा कि उनका अटूट दृढ़ संकल्प हमेशा लाखों लोगों को प्रेरित करेगा. मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आपका स्वागत है, क्रू9! धरती को आपकी याद आई.’’
नासा के अंतरिक्ष यात्री सुनीता, निक हेग और विल्मोर तथा रोस्कोस्मोस के अंतरिक्ष यात्री अलेक्सांद्र गोरबुनोव, 18 मार्च को ‘स्पेसएक्स’ के ड्रैगन अंतरिक्ष यान से पृथ्वी पर वापस लौटे, जो फ्लोरिडा के तल्हासी तट के पास समुद्र में उतरा.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 01, 2025 10:20 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

