Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के नए सीजन का इंतजार कर रहे क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. इस बार भी टूर्नामेंट में 10 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी. चुनावी कार्यक्रमों को देखते हुए बीसीसीआई पहले चरण में सिर्फ शुरुआती 20 दिनों का शेड्यूल जारी कर सकता है. माना जा रहा है कि टूर्नामेंट का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद (Royal Challengers Bengaluru vs Sunrisers Hyderabad) के बीच बेंगलुरु में खेला जाएगा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सीजन में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान पर उतरेगी. यह भी पढ़ें: Team India New Series: जून और सितंबर में 2 नई टी20 सीरीज का ऐलान, इन दो टीमों से होगी टीम इंडिया की भिड़ंत
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. एक बार फिर फैंस को विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल सकता है. आईपीएल 2026 में विराट कोहली के पास कई बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा. अगर वह इस सीजन अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो तीन ऐसे बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं जो लंबे समय तक कोई भी खिलाड़ी नहीं तोड़ पाएगा.
9 हजार रन पूरे करने के करीब हैं विराट कोहली
विराट कोहली आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. अगर वह आईपीएल 2026 में 339 रन बना लेते हैं, तो इस लीग में नौ हजार रन पूरे कर लेंगे. ऐसा करने वाले वह इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. फिलहाल रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं, जिनके नाम 7046 रन दर्ज हैं. ऐसे में विराट कोहली का यह रिकॉर्ड कई सालों तक सुरक्षित रह सकता है.
9 छक्के लगाते ही पूरे होंगे 300 सिक्स
विराट कोहली ने आईपीएल में अब तक 267 मैच खेले हैं और इस दौरान 291 छक्के लगाए हैं. अगर वह आईपीएल 2026 में 9 छक्के लगा लेते हैं, तो वह 300 छक्कों का आंकड़ा छू लेंगे. इसके साथ ही विराट कोहली आईपीएल में 300 छक्के लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को देखते हुए यह रिकॉर्ड भी इसी सीजन बन सकता है.
29 चौके लगाते ही पूरे होंगे 800 चौके
विराट कोहली अपनी क्लासिकल बल्लेबाजी के लिए भी जाने जाते हैं. वह लंबे छक्कों के साथ-साथ शानदार कवर ड्राइव और स्ट्रेट ड्राइव के जरिए चौके लगाने में भी माहिर हैं. अब तक विराट कोहली आईपीएल में 771 चौके लगा चुके हैं. अगर वह आईपीएल 2026 में 29 चौके और लगा लेते हैं, तो वह 800 चौकों का आंकड़ा भी पार कर लेंगे.
आईपीएल में सबसे ज्यादा चौके लगाने के मामले में विराट कोहली पहले नंबर पर हैं. दूसरे स्थान पर शिखर धवन हैं, जिन्होंने 768 चौके लगाए हैं, लेकिन वह अब आईपीएल का हिस्सा नहीं हैं. वहीं तीसरे स्थान पर डेविड वॉर्नर के 663 चौके हैं. चौथे नंबर पर रोहित शर्मा हैं, जिनके नाम 640 चौके दर्ज हैं. ऐसे में यह रिकॉर्ड भी लंबे समय तक विराट कोहली के नाम रह सकता है.













QuickLY