IPL Playoff Scenario 2026: मुंबई इंडियंस तय करेगी पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की किस्मत, राजस्थान रॉयल्स के लिए करो या मरो की स्थिति बरकरार
चेन्नई सुपर किंग्स की राह बेहद कठिन नजर आ रही है, लेकिन टीम अभी भी गणितीय रूप से बाहर नहीं हुई है. चेन्नई सुपर किंग्स को अपने आखिरी मुकाबले में गुजरात टाइटंस को बड़े अंतर से हराना होगा ताकि चेन्नई सुपर किंग्स का नेट रन रेट (-0.016) राजस्थान रॉयल्स (+0.083) से बेहतर हो सके.
IPL Playoff Scenario 2026: आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की तस्वीर अब लगभग साफ हो चुकी है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है. अब सिर्फ एक स्थान बचा हुआ है, जिसके लिए राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच जंग जारी है. लीग स्टेज के अभी 6 मुकाबले बाकी हैं और कई टीमों की किस्मत अब मुंबई इंडियंस के हाथों में नजर आ रही है. यह भी पढ़ें: KKR vs MI, IPL 2026 65th Match Preview: ईडन गार्डन्स में आज कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम मुंबई इंडियंस के बीच होगा रोमांचक मुकाबला, मैच से पहले जानें हेड टू हेड, पिच रिपोर्ट समेत सारे डिटेल्स
मंगलवार को खेले गए आईपीएल 2026 के 64वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराया. इस मैच में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 93 रन बनाए. उनकी इस पारी में 10 छक्के और 7 चौके शामिल रहे. हालांकि इस जीत के बावजूद राजस्थान की प्लेऑफ की राह अभी पूरी तरह आसान नहीं हुई है.
राजस्थान रॉयल्स के लिए सीधा समीकरण
प्लेऑफ की दौड़ में शामिल टीमों में राजस्थान रॉयल्स एकमात्र ऐसी टीम है, जो फिलहाल किसी अन्य मुकाबले के नतीजों पर निर्भर नहीं है. अगर राजस्थान अपना आखिरी मुकाबला जीत जाती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और टीम सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी.
हालांकि अगर राजस्थान अपना अंतिम मैच हार जाती है तो उसके 14 अंक ही रहेंगे. ऐसे में टीम का भविष्य बाकी मुकाबलों के परिणाम और नेट रन रेट पर निर्भर करेगा.
पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को चाहिए राजस्थान की हार
पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स दोनों अधिकतम 15 अंकों तक पहुंच सकती हैं. पंजाब के 13 मैचों के बाद 13 अंक हैं और उसका आखिरी मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ है.
वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के अभी दो मैच बाकी हैं, जिसमें एक मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ है. पंजाब और कोलकाता दोनों चाहेंगी कि मुंबई इंडियंस राजस्थान रॉयल्स को हरा दे. अगर राजस्थान हारती है और पंजाब किंग्स तथा कोलकाता नाइट राइडर्स 15-15 अंकों तक पहुंच जाती हैं, तो चौथी प्लेऑफ टीम का फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा.
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मुश्किल लेकिन उम्मीद बाकी
चेन्नई सुपर किंग्स की राह बेहद कठिन नजर आ रही है, लेकिन टीम अभी भी गणितीय रूप से बाहर नहीं हुई है. चेन्नई सुपर किंग्स को अपने आखिरी मुकाबले में गुजरात टाइटंस को बड़े अंतर से हराना होगा ताकि चेन्नई सुपर किंग्स का नेट रन रेट (-0.016) राजस्थान रॉयल्स (+0.083) से बेहतर हो सके.
इसके अलावा चेन्नई को यह भी उम्मीद करनी होगी कि कोलकाता नाइट राइडर्स कम से कम एक मैच हार जाए और पंजाब किंग्स तथा राजस्थान रॉयल्स भी अपने आखिरी मुकाबले गंवा दें.
दिल्ली कैपिटल्स को चाहिए चमत्कार
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद अब लगभग खत्म हो चुकी है. टीम को अपने आखिरी मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़े अंतर से हराना होगा.
साथ ही पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स को अपने आखिरी मुकाबले हारने होंगे. अगर ऐसा होता है तो राजस्थान और दिल्ली दोनों के 14-14 अंक होंगे, जिसके बाद नेट रन रेट से फैसला होगा. हालांकि राजस्थान का नेट रन रेट (+0.083) दिल्ली (-0.871) से काफी बेहतर है.
IPL 2026 प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीमें
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)
गुजरात टाइटंस (GT)
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH).
(The above story first appeared on LatestLY on May 20, 2026 09:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

