Rohit Sharma- Virat Kohli To Vijay Hazare Trophy 2025: ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद डोमेस्टिक क्रिकेट में लौटेगें विराट कोहली और रोहित शर्मा? खेल सकते हैं विजय हजारे ट्रॉफी
विराट कोहली और रोहित शर्मा (Photo Credit: X Formerly Twitter/BCCI)

Rohit Sharma- Virat Kohli To Vijay Hazare Trophy 2025: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम(India National Cricket Team) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा जल्द ही घरेलू क्रिकेट के मैदानों पर वापसी कर सकते हैं. चर्चाओं के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के बाद दोनों खिलाड़ी भारत के प्रीमियर घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में कम से कम तीन मैच खेलेंगे. यह कदम उनके 2027 विश्व कप की तैयारी और मैच फिटनेस बनाए रखने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. कोहली और रोहित को आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में देखा गया था, जहां भारत ने दुबई में न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी जीती थी. इसके बाद दोनों ने मई में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी. अब दोनों दिग्गजों की नजरें सीमित ओवरों की क्रिकेट में लंबे समय तक अपनी पकड़ बनाए रखने पर हैं. क्या हार्दिक पांड्या ने मॉडल माहिका शर्मा के साथ नए रिश्ते पर लगाई मुहर? मुंबई एयरपोर्ट पर पहली बार साथ आए नजर, देखें वीडियो

मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर की सलाह पर विराट और रोहित ने विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने की हामी भर दी है. यह टूर्नामेंट 24 दिसंबर से शुरू होगा, जो भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच घरेलू वनडे सीरीज के बाद और न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी में होने वाली सीरीज से पहले का एक आदर्श समय माना जा रहा है. इस दौरान दिल्ली और मुंबई की टीमों के छह मैच खेले जाएंगे, जिनमें कोहली और रोहित की भागीदारी को लेकर उम्मीद जताई जा रही है.

अगरकर ने भी यह स्पष्ट किया है कि केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ी फिट होने पर घरेलू क्रिकेट जरूर खेलें, ताकि उनकी मैच फिटनेस बनी रहे और घरेलू क्रिकेट संरचना को समर्थन मिले. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम वनडे 6 दिसंबर को होगा, उसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला मैच 11 जनवरी को है, इस बीच पांच सप्ताह का समय उपलब्ध है जिसे दोनों खिलाड़ी घरेलू मैचों में उपयोग करेंगे.

बीसीसीआई के एक सूत्र ने जानकारी दी, "विजय हजारे ट्रॉफी 24 दिसंबर से शुरू होगी. मुंबई के छह मुकाबलों में रोहित कम से कम तीन खेलेंगे, वहीं दिल्ली की टीम के लिए कोहली भी तीन मैचों में हिस्सा लेंगे. इसके बाद वे राष्ट्रीय टीम में वापसी करेंगे."

हालांकि उनके वनडे भविष्य को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे टीम में दोनों का चयन उनकी वापसी का संकेत है. टीम के कप्तान के रूप में भी नया चेहरा सामने आया है, जहां शुभमन गिल को वनडे कप्तान बनाया गया है और रोहित अब कप्तानी नहीं करेंगे. विराट और रोहित की यह वापसी भारतीय क्रिकेट के लिए एक नया अध्याय खोल सकती है, जहां अनुभव और युवा प्रतिभा का संयोजन टीम की सफलता में सहायक होगा.