देश

अनोखी प्रेम कहानी! कानपुर में लॉकडाउन के दौरान खाना बांटते-बांटते बेघर लड़की को दिल दे बैठा युवक, रचाई शादी

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है. जहां लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंद लोगों तक खाना बांटने वाले एक युवक को बेघर लड़की से प्यार हो गया. खाना बांटते समय लड़की को देखते ही वो उसे अपना दिल दे बैठा. लॉकडाउन में ही दोनों का प्यार परवान चढ़ा और लॉकडाउन में ही दोनों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए शादी रचा ली.

अनोखी प्रेम कहानी! कानपुर में लॉकडाउन के दौरान खाना बांटते-बांटते बेघर लड़की को दिल दे बैठा युवक, रचाई शादी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Pixabay)

कानपुर: कोरोना वायरस महामारी (Coronavirus Pandemic) से पूरी दुनिया जूझ रही है. यह घातक वायरस कई लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है तो वहीं लॉकडाउन (Lockdown) की वजह से कई लोगों के सामने भूखे मरने की नौबत आ गई है. हलांकि कोविड-19 (COVID-19) संकट की इस घड़ी में कई लोग गरीबों के लिए मसीहा बनकर आगे भी आए हैं और उन्हें खाना पहुंचाने का काम लगातार कर रहे हैं, लेकिन क्या किसी को खाना बांटते-बांटते किसी से प्यार (Love) हो सकता है? भले ही यह सुनने में थोड़ा अटपटा लगे, पर यह सच है. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर (Kanpur) से लॉकडाउन के दौरान एक अनोखी प्रेम कहानी (Unique Love Story) सामने आई है, जो अब शादी में तब्दील हो चुकी है.

उत्तर प्रदेश के कानपुर में लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंद लोगों तक खाना बांटने वाले एक युवक को बेघर और भीख मांगकर गुजारा करने वाली एक लड़की से प्यार हो गया. बताया जाता है कि फुटपाथ पर खाना बांटते समय जब अनिल (Anil) नाम के युवक की नजर बेघर लड़की पर पड़ी तो पहली नजर में ही वो उसे अपना दिल दे बैठा. लॉकडाउन में ही दोनों का प्यार परवान चढ़ा और लॉकडाउन में ही दोनों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए शादी रचा ली. इस अनोखी शादी में कई लोग मौजूद थे और इस दौरान दूल्हा-दुल्हन समेत सभी लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग (Social Distancing) का पूरा ख्याल रखा. यह भी पढ़ें: अनोखी शादी! लॉकडाउन के बीच डीएम ऑफिस में रात 8 बजे रोहतक के दूल्हे ने रचाई मैक्सिको की दुल्हन से शादी, जानें क्या है पूरा मामला

बताया जाता है कि नीलम (Neelam) नाम की इस बेघर लड़की के पिता नहीं है, मां पैरालिसिस से पीड़ित है. भाई और भाभी ने उसे मारपीट कर घर से भगा दिया था. घर से बेघर हुई नीलम अपना पेट भरने के लिए फुटपाथ पर भीख मांगने वालों के साथ लाइन में बैठती थी, जहां अनिल अपने मालिक के साथ रोज सबको खाना बांटने के लिए आता था. इसी दौरान अनिल की मुलाकात नीलम से हुई और वो उसे अपना दिल दे बैठा. उसे जब लड़की की मजबूरियों का पता चला तो उसने जिंदगी भर के लिए उसका हाथ थामने का फैसला कर लिया.

बताया जाता है कि अनिल एक प्रॉपर्टी डीलर के यहां ड्राइवर है और उसका अपना घर है, जहां वो अपने माता-पिता, भाई-बहन के साथ रहता है. इस अनोखी शादी में युवक के मालिक लालता प्रसाद ने बड़ा योगदान दिया है. उन्होंने दोनों की भावनाओं को समझते हुए अनिल के पिता को इस शादी के लिए राजी किया और फिर दोनों की शादी करवाई.

(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2020 02:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).