IPL 2026: आईपीएल इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ इन बल्लेबाजों ने बनाए सबसे ज्यादा रन, टॉप 5 में दो भारतीय बल्लेबाज शामिल
एमएस धोनी (Photo Credit: X Formerly Twitter)

TATA Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League 2026) का आगाज 28 मार्च से होने वाला है. गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के मैच से सीजन की शुरुआत होगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक सिर्फ 20 मैचों का ही शेड्यूल जारी किया है, जिनमें एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर मैच शामिल है. पिछले साल हुए मिनी ऑक्शन के बाद कई टीमों ने अपने-अपने स्क्वाड में बड़े बदलाव किए हैं. एक का तो कप्तान भी बदल गया है. मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आगामी इंडियन प्रीमियर लीग सीजन के पहले मैच में 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद की मेजबानी करेगा. देश में आगामी विधानसभा चुनाव की वजह से 2026 इंडियन प्रीमियर लीग के केवल पहले 20 मैचों की घोषणा की गई है. आईपीएल के दूसरे चरण के मैचों की घोषणा बाद में की जाएगी. यह भी पढ़ें: Virat Kohli vs Jasprit Bumrah In IPL: आईपीएल में विराट कोहली को इतनी बार पवेलियन भेज चुके हैं जसप्रीत बुमराह, यहां देखें घातक तेज गेंदबाज का पूरा रिकॉर्ड

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ कई बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खूब रन बनाए हैं. इन खिलाड़ियों ने न सिर्फ बड़े स्कोर खड़े किए, बल्कि कई मौकों पर अपने दम पर मैच का रुख भी बदल दिया. ऐसे में आईपीएल के आगामी सीजन से पहले आइए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर एक नजर डालते हैं.

महेंद्र सिंह धोनी (906 रन): इस सूची में पहले स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी हैं. उन्होंने साल 2008 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेला था. धोनी ने अब तक 38 मैचों की 35 पारियों में 39.39 की औसत और 143.12 की स्ट्राइक रेट से 906 रन बनाए हैं. उनके बल्ले से 4 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन नाबाद रहा है.

डेविड वार्नर (862 रन): दूसरे स्थान पर डेविड वार्नर का नाम आता है, जिन्होंने दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 23 मैचों की 23 पारियों में 41.04 की औसत और 160.52 की स्ट्राइक रेट से 862 रन बनाए हैं. वार्नर ने इस टीम के खिलाफ 1 शतक और 9 अर्धशतक लगाए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100 रन नाबाद रहा है. इस दौरान उन्होंने 81 चौके और 44 छक्के भी जड़े हैं.

रोहित शर्मा (848 रन): मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 2008 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेला था. रोहित ने इस टीम के खिलाफ 34 मैचों की 33 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 848 रन बनाए हैं. उनकी औसत 27.35 और स्ट्राइक रेट 136.99 की रही है. उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 94 रन रहा है.

अजिंक्य रहाणे (801 रन): चौथे स्थान पर अजिंक्य रहाणे हैं, जो आईपीएल में कई टीमों का हिस्सा रह चुके हैं. उन्होंने साल 2009 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पहला मैच खेला था. रहाणे ने अब तक 26 मैचों की 24 पारियों में 36.40 की औसत और 134.39 की स्ट्राइक रेट से 801 रन बनाए हैं. उनके बल्ले से 1 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन नाबाद रहा है.