देश

Bhopal Looteri Dulhan Exposed: भोपाल में लुटेरी दुल्हन का पर्दाफाश, शादी के 8 दिन बाद फरार, पीड़ित ने जाल बिछाकर खुद पूरी गैंग को दबोचा

मुंबई: बांद्रा ईस्टभोपाल के नजीराबाद में शादी के नाम पर ढाई लाख रुपये की ठगी करने वाली 'लुटेरी दुल्हन' गैंग का पर्दाफाश हुआ है. शादी के आठ दिन बाद नकदी लेकर भागी महिला के साथियों को पीड़ित परिवार ने दोबारा शादी का झांसा देकर पुलिस की मदद से गिरफ्तार करवाया

Bhopal Looteri Dulhan Exposed: भोपाल में लुटेरी दुल्हन का पर्दाफाश, शादी के 8 दिन बाद फरार, पीड़ित ने जाल बिछाकर खुद पूरी गैंग को दबोचा
(Photo Credits Pixabay)

  Bhopal Looteri Dulhan Exposed:  मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ग्रामीण क्षेत्र नजीराबाद में एक किसान परिवार के साथ 'लुटेरी दुल्हन' गिरोह द्वारा ढाई लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. गिरोह ने पीड़ित परिवार के एक युवक की शादी कराई, लेकिन विवाह के महज आठ दिन बाद ही नई नवेली दुल्हन घर से नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गई. ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित परिवार ने सूझबूझ दिखाई और आरोपियों को दोबारा फंसाने के लिए एक सुनियोजित जाल बिछाया, जिसके बाद पुलिस ने गिरोह के मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है.

विधवा बताकर तय कराया था रिश्ता

 जानकारी के अनुसार, नजीराबाद के रहने वाले किसान रामचंद्र अपने छोटे भाई सरवन, जिनकी शादी नहीं हो रही थी. इसे में वे विवाह के लिए वधू की तलाश कर रहे थे. इसी दौरान उनका संपर्क रूप सिंह और रवि नाम के दो बिचौलियों से हुआ. दोनों बिचौलियों ने रामचंद्र को मंडीदीप की रहने वाली एक महिला के बारे में बताया. उन्होंने दावा किया कि महिला एक विधवा है और अपना घर दोबारा बसाना चाहती है. इस विवाह को कराने के एवज में बिचौलियों ने पीड़ित परिवार से ढाई लाख रुपये की मांग की थी.  यह भी पढ़े:  Greater Noida: लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश, महिला समेत चार की अलीगढ़ से गिरफ्तारी

मंदिर में विवाह के बाद 8वें दिन हुई फरार

भाई के विवाह के लिए रामचंद्र ने किसी तरह ढाई लाख रुपये की राशि का प्रबंध किया. इसके बाद अप्रैल महीने में एक स्थानीय मंदिर में सरवन और उस महिला का विवाह संपन्न करा दिया गया. विवाह के बाद दुल्हन अपने ससुराल नजीराबाद आ गई और आठ दिनों तक वहां सब कुछ सामान्य दिखाते हुए रही. लेकिन आठवें दिन की रात वह अचानक घर में रखे पैसे और कीमती सामान समेटकर गायब हो गई. जब पीड़ित परिवार ने बिचौलियों से संपर्क कर पैसे वापस मांगे, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया.

दूसरी शादी का झांसा देकर भोपाल रेलवे स्टेशन पर घेरा

दुल्हन का कोई सुराग न मिलने और बिचौलियों के अड़ियल रवैये के बाद रामचंद्र ने स्वयं कार्रवाई करने का निर्णय लिया. उन्होंने अपने एक रिश्तेदार के माध्यम से बिचौलियों को फोन करवाया. रिश्तेदार ने बिचौलियों से कहा कि उनके पास शादी के लिए एक और लड़का है जो ढाई लाख रुपये देने को तैयार है.

रकम के लालच में आकर बिचौलिये दोबारा डील करने के लिए तैयार हो गए. जैसे ही वे नए दूल्हे के परिवार से पैसे लेने भोपाल रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे, वहां पहले से ही सतर्क पुलिस और पीड़ित परिवार ने घेराबंदी करके उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया.

टैक्सी ड्राइवर निकले गिरोह के सदस्य

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी पेशे से टैक्सी ड्राइवर हैं. यह गिरोह ग्रामीण और सीधे-साधे परिवारों को निशाना बनाकर शादी के नाम पर मोटी रकम वसूलता था और कुछ ही दिनों में दुल्हन को भगा ले जाता था. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल गिरोह में शामिल फरार महिला की तलाश की जा रही है और पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने अन्य लोगों को भी अपनी ठगी का शिकार बनाया होगा.

(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2026 02:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).