देश

.Amroha News: यूपी के अमरोहा में अनोखा मामला, एक दुल्हन के लिए पहुंचीं दो बारातें, पुलिस के हस्तक्षेप से एक युवक से हुआ निकाह

अमरोहा के एक बैंक्वेट हॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ही दुल्हन के लिए दो अलग-अलग शहरों से बारातें पहुंच गईं. विवाद के बाद पुलिस को मौके पर हस्तक्षेप करना पड़ा और दुल्हन की सहमति के बाद एक दूल्हे के साथ निकाह संपन्न हुआ.

.Amroha News: यूपी के अमरोहा में अनोखा मामला, एक दुल्हन के लिए पहुंचीं दो बारातें, पुलिस के हस्तक्षेप से एक युवक से हुआ निकाह
(Photo Credits Pixabay)

Amroha News:  उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में रविवार को एक बेहद अजीबोगरीब वाकया सामने आया. शहर कोतवाली क्षेत्र के कैलसा बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में एक ही दुल्हन के लिए दो अलग-अलग शहरों से बारातें पहुंच गईं, जिससे शादी समारोह में भारी अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके.  यह भी पढ़े: Sitapur Video: दुल्हे ने नहीं की थी शेविंग, दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बारात वापस लौटी, सीतापुर जिले का अनोखा मामला आया सामने

क्या था पूरा मामला?

घटना की शुरुआत पिछले वर्ष हुई जब लड़की का रिश्ता मुरादाबाद निवासी एक रिश्तेदार के बेटे से तय किया गया था। दोनों परिवारों के बीच मंगनी भी हो चुकी थी और आपसी सहमति से शादी की तारीख 12 अप्रैल तय की गई थी। निमंत्रण पत्र भी वितरित किए जा चुके थे.

हालांकि, बाद में दोनों परिवारों के बीच कुछ बातों को लेकर गहरा विवाद हो गया। इस अनबन के चलते लड़की के पिता ने मुरादाबाद वाले रिश्ते को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद लड़की के परिजनों ने पंचायत के जरिए संभल निवासी एक युवक के साथ बेटी का रिश्ता तय कर लिया और उसी तारीख पर शादी की तैयारियां शुरू कर दीं।

समारोह में मचा हंगामा

रविवार को जब संभल से बारात बैंक्वेट हॉल पहुंची, तो कुछ ही देर बाद मुरादाबाद वाला दूल्हा भी अपने बारातियों के साथ वहां पहुंच गया। दोनों दूल्हों के एक साथ आमने-सामने आने से समारोह में हंगामा शुरू हो गया। दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े रहे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

पुलिस का हस्तक्षेप और निकाह

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और दुल्हन से उसकी इच्छा पूछी। दुल्हन ने अपने परिवार की सहमति दोहराते हुए संभल से आए दूल्हे के साथ निकाह करने की इच्छा जाहिर की.

इसके बाद, मुरादाबाद से आए दूल्हे और उसके कुछ साथियों को पुलिस कोतवाली ले गई, जहाँ उन्हें शाम तक बैठाए रखा गया. इस बीच, बैंक्वेट हॉल में निकाह की रस्म पूरी हुई और दुल्हन अपने नए जीवनसाथी के साथ संभल के लिए रवाना हो गई.

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभिषेक यादव ने बताया कि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई कानूनी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शाम को स्थिति पूरी तरह सामान्य होने पर मुरादाबाद से आए दूल्हे को भी वापस भेज दिया गया। फिलहाल, यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 13, 2026 09:27 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).