देश

पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस पर पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री इमरान खान को दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को संदेश भेजकर पाक प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) एवं वहां के लोगों को शुभकामनाएं दीं और आतंक मुक्त दक्षिण एशिया के महत्व को रेखांकित किया...

पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस पर पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री  इमरान खान को दी शुभकामनाएं
इमरान खान और पीएम मोदी | फाइल फोटो | (Photo Credits: Twitter/@IndianMEA)

नई दिल्ली/इस्लामाबाद:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को संदेश भेजकर पाक प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) एवं वहां के लोगों को शुभकामनाएं दीं और आतंक मुक्त दक्षिण एशिया के महत्व को रेखांकित किया. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि समय आ गया है कि उपमहाद्वीप के लोग आतंक और हिंसा से मुक्त वातावरण में लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण, प्रगतिशील और समृद्ध क्षेत्र के लिये मिलकर काम करें.

पाकिस्तान (Pakistan) के प्रधानमंत्री इमरान खान ने ट्वीट कर मोदी के संदेश का स्वागत किया और कहा कि कश्मीर सहित सभी मुद्दों के समाधान के लिये दोनों देशों के बीच व्यापक बातचीत शुरू करने का वक्त आ गया है. खान ने ट्वीट किया, ‘‘मैं हमारी अवाम के लिये प्रधानमंत्री मोदी के संदेश का स्वागत करता हूं. हम पाकिस्तान दिवस मना रहे हैं ऐसे में मेरा मानना है कि सभी मुद्दों खासकर कश्मीर के केंद्रीय मुद्दे को सुलझाने एवं उनके समाधान के लिये भारत के साथ व्यापक बातचीत शुरू करने तथा पूरी अवाम की खुशहाली एवं शांति पर आधारित एक नये संबंध की शुरुआत का वक्त आ गया है.’’

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने हिंदू समुदाय को ऐसे दी होली की बधाई

मोदी का यह संदेश पुलवामा हमले के बाद परमाणु संपन्न दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों में आये जबरदस्त तनाव के बीच आया है. पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-e-Mohammed) के आतंकवादी ठिकाने पर हवाई कार्रवाई की थी.

उल्लेखनीय है कि भारत ने शुक्रवार को यहां नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में देश के राष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का बहिष्कार किया था. भारत ने कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर से कई अलगाववादी नेताओं को आमंत्रित किये जाने पर विरोध भी जताया था. इमरान खान ने भी प्रधानमंत्री मोदी के संदेश पर ट्वीट किया.

खान ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी का संदेश मिला, जिसमें लिखा है : मैं पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर देश की जनता और बधाई और शुभकामनाएं देता हूं. यह वक्त है जब उपमहाद्वीप के लोग आतंक और हिंसा से मुक्त वातावरण में लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण, प्रगतिशील और समृद्ध क्षेत्र के लिये मिलकर काम करें.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 23, 2019 09:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).