देश

महाराष्ट्र में महानगरपालिका चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन, नागपुर की सड़कों पर उतरे CM फडणवीस, खुद बाइक चलाकर दिखाया दम; देखें VIDEO

महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है. नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुद बुलेट चलाकर एक विशाल बाइक रैली का नेतृत्व किया. 15 जनवरी को मतदान होगा और 16 जनवरी को नतीजे आएंगे.

महाराष्ट्र में महानगरपालिका चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन, नागपुर की सड़कों पर उतरे CM फडणवीस, खुद बाइक चलाकर दिखाया दम; देखें VIDEO
(Photo Credits ABP News)

नागपुर: महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों का शोर आज शाम थम जाएगा. चुनाव प्रचार के अंतिम दिन राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (CM Devendra Fadnavis) ने अपने गृहनगर नागपुर में एक विशाल 'शक्ति प्रदर्शन' किया. मुख्यमंत्री ने नागपुर महानगरपालिका (NMC) चुनाव के लिए आयोजित एक भव्य बाइक रैली में हिस्सा लिया. इस दौरान फडणवीस ने खुद रॉयल एनफील्ड (बुलेट) चलाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

नागपुर में 'महायुति' का शक्ति प्रदर्शन

प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री फडणवीस ने नागपुर के विभिन्न वार्डों में घूम-घूमकर वोट मांगे. दोपहर करीब 12:15 बजे शुरू हुई इस बाइक रैली में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी. रैली के दौरान 'देवाभाऊ' के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा. भारत माता चौक, महल और शहीद चौक जैसे प्रमुख इलाकों से गुजरते हुए मुख्यमंत्री ने जनता से संवाद किया. इससे पहले उन्होंने स्थानीय स्तर पर 'तर्री पोहा विद देवाभाऊ' जैसे कार्यक्रमों के जरिए मतदाताओं से सीधा संपर्क साधा था. यह भी पढ़े:  राजनीतिक पार्टियों के लिए आज बड़ा दिन, BMC सहित 29 महानगरपालिकाओं के लिए शाम से चुनाव प्रचार पर लगेगी रोक, जानें मतदान से जूडा पूरा शेड्यूल और वोटिंग टाइम

नागपुर की सड़कों पर उतरे CM फडणवीस

15 जनवरी को मतदान, 16 को आएंगे नतीजे

महाराष्ट्र की राजनीति के लिए 15 जनवरी का दिन बेहद अहम होने वाला है। मुंबई (BMC), पुणे, नागपुर और ठाणे सहित राज्य की कुल 29 महानगरपालिकाओं के लिए गुरुवार को वोट डाले जाएंगे.

  • प्रचार का अंत: आज शाम 5:30 बजे के बाद सार्वजनिक सभाओं और लाउडस्पीकर पर पाबंदी लग जाएगी.

  • मतदान: 15 जनवरी, सुबह 7:30 से शाम 5:30 बजे तक.

  • नतीजे: 16 जनवरी को सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू होगी और दोपहर तक स्थिति साफ हो जाएगी.

प्रशासनिक तैयारी और सार्वजनिक अवकाश

चुनाव को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने 15 जनवरी को संबंधित क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है.मुंबई में शेयर बाजार (BSE और NSE) भी इस दिन बंद रहेंगे. अकेले नागपुर में 151 सीटों के लिए करीब 993 उम्मीदवार मैदान में हैं. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग के जरिए नजर रखी जाएगी.

सियासी समीकरण

इन चुनावों को 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद का सबसे बड़ा लिटमस टेस्ट माना जा रहा है. बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) की 'महायुति' अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है, वहीं महाविकास अघाड़ी के दल भी कड़ी टक्कर दे रहे हैं. नागपुर को बीजेपी और आरएसएस का गढ़ माना जाता है, इसलिए यहां मुख्यमंत्री फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने खुद कमान संभाल रखी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 13, 2026 04:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).