Assembly Election Results 2026: देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आज 4 मई 2026 को घोषित किए जा रहे हैं. शुरुआती रुझानों और अब तक के आंकड़ों ने भारतीय राजनीति की नई दिशा तय कर दी है. पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ममता बनर्जी के 15 साल पुराने किले को ढहाते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. वहीं, असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा हैट्रिक की ओर है. दक्षिण भारत में तमिलनाडु के नतीजों ने सबसे ज्यादा चौंकाया है, जहां अभिनेता विजय की नई पार्टी TVK ने स्थापित द्रविड़ पार्टियों को पीछे छोड़ दिया है.
पश्चिम बंगाल और असम: 'कमल' का दबदबा
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से भाजपा 180 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. यह राज्य की राजनीति में एक ऐतिहासिक मोड़ है, जहां पहली बार भाजपा अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में दिख रही है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) डबल डिजिट में सिमटती नजर आ रही है. यह भी पढ़े: Tamil Nadu Election Results 2026: तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK को 100 सीटों पर बढ़त, अभिनेता के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई; देखें VIDE
असम की 126 सीटों पर भी भाजपा गठबंधन (NDA) का जादू बरकरार है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में पार्टी 80 से अधिक सीटों पर आगे है, जो राज्य में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार सुनिश्चित कर रहा है.
तमिलनाडु: विजय की TVK का ऐतिहासिक उदय
तमिलनाडु में इस बार का मुकाबला DMK बनाम AIADMK नहीं, बल्कि 'विजय बनाम अन्य' हो गया है. अभिनेता जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने रुझानों में 100 का आंकड़ा पार कर लिया है. राज्य की 234 सीटों में TVK सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है, जिसने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की DMK को तीसरे स्थान पर धकेल दिया है.
केरल: 10 साल बाद सत्ता परिवर्तन
केरल की 140 सीटों पर आए नतीजों ने राज्य के 'सत्ता बदलने' के पुराने रिवाज को फिर से दोहराया है. कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) 100 के करीब सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. सत्ताधारी एलडीएफ (LDF) को भारी नुकसान हुआ है और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन खुद अपनी सीट पर कड़े मुकाबले में फंसे हैं. केरल की जनता ने भ्रष्टाचार और स्थानीय मुद्दों को आधार बनाकर यूडीएफ को स्पष्ट जनादेश दिया है.
पुडुचेरी: एनडीए की सत्ता बरकरार
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सीटों पर मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन (AINRC और BJP) फिर से सरकार बनाता दिख रहा है. शुरुआती रुझानों में एनडीए 16 से अधिक सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस और डीएमके का गठबंधन दहाई का आंकड़ा छूने के लिए संघर्ष कर रहा है. यहां की जनता ने निरंतरता और विकास के नाम पर रंगासामी पर एक बार फिर भरोसा जताया है.
चुनाव आयोग के मुताबिक, सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं. दोपहर बाद तक अधिकांश सीटों के आधिकारिक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे. इन चुनाव परिणामों को 2029 के लोकसभा चुनावों के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है, विशेषकर तमिलनाडु में तीसरी शक्ति का उदय और बंगाल में भाजपा की जीत ने राष्ट्रीय राजनीति में नए समीकरण पैदा कर दिए हैं.












QuickLY