West Bengal CM Oath Ceremony LIVE: बंगाल में BJP के लिए बड़ा दिन, सुवेंदु अधिकारी आज सुबह 11 बजे सीएम पद की लेंगे शपथ, PM मोदी, अमित शाह समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल
शुभेंदु अधिकारी आज पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे.
West Bengal CM Oath Ceremony LIVE: पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुवेंदु अधिकारी आज सुबह 11 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे. आजादी के बाद यह पहला मौका है जब बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है.
शाह ने की आधिकारिक घोषणा
इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुवेंदु अधिकारी के नाम की आधिकारिक घोषणा की. हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों के बाद, नवनिर्वाचित विधायकों के साथ हुई बैठक में अधिकारी को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया. शाह ने बताया कि बैठक के दौरान आठ प्रस्ताव आए थे और सभी में केवल शुभेंदु अधिकारी का ही नाम था, जिसके बाद उनके नाम पर मुहर लगा दी गई. यह भी पढ़े: West Bengal Assembly Dissolved: चुनावी हार के बाद ममता बनर्जी के इस्तीफा देने से इनकार के बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा भंग
भवानीपुर में ममता बनर्जी को दी शिकस्त
सुवेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में दो सीटों- नंदीग्राम और भवानीपुर से जीत हासिल की है. दक्षिण कोलकाता की हाई-प्रोफाइल भवानीपुर सीट पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,000 से अधिक मतों के अंतर से हराकर बड़ी जीत दर्ज की. यह दूसरी बार है जब अधिकारी ने ममता बनर्जी को चुनावी मैदान में मात दी है.
'जायंट किलर' की छवि हुई मजबूत
2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से ममता बनर्जी को हराने के बाद शुभेंदु अधिकारी को 'जायंट किलर' का टैग मिला था. इस बार भवानीपुर में उनकी जीत ने पार्टी के भीतर उनके कद को और ऊंचा कर दिया है. यही कारण है कि भाजपा नेतृत्व ने राज्य की कमान सौंपने के लिए उन पर भरोसा जताया है.
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. समारोह में शामिल होने के लिए केंद्र सरकार के कई मंत्री और विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेता कोलकाता पहुंच चुके हैं. आज का यह दिन पश्चिम बंगाल की राजनीति में सत्ता परिवर्तन का एक बड़ा प्रतीक माना जा रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2026 08:10 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

