अमित शाह ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- हम अपने सैनिकों की जान लेने वाले देशों से नहीं करते शांतिवार्ता, देते है करारा जवाब
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को एनडीए सरकार की दोबारा केंद्र में वापसी का भरोसा जताया है. एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शाह ने 2016 के सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक का जिक्र किया और कांग्रेस पर तंज कसा.
हैदराबाद: बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को एनडीए सरकार की दोबारा केंद्र में वापसी का भरोसा जताया है. एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शाह ने 2016 के सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक का जिक्र किया और कांग्रेस पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार हमारे सैनिकों को मारने वाले देशों के साथ शांति वार्ता करने में विश्वास नहीं करती है बल्कि करारा जवाब देती है.
तेलंगाना के शमशाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हमला किया. जिसमें 40 जवान शहीद हो गए. तब हर कोई सोचता रहा कि अब क्या किया जा सकता है. उधर एक और सर्जिकल स्ट्राइक के डर से पाकिस्तान ने सीमा पर टैंक तैनात कर दिए. लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने बालाकोट में आतंकवादी शिविरों पर हवाई हमले के जरिए से जवाब दिया.
उन्होंने बीजेपी के घोषणापत्र को देश को महान बनाने का एक दस्तावेज करार दिया है. उन्होंने पुलवामा में आतंकवादी हमले और उसके बाद भारत द्वारा पाकिस्तान स्थित आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाकर किये गए हवाई हमले का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मोदी की तरह मुंहतोड़ जवाब दे सकते हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने जो सबसे बड़ा काम किया वह है देश को सुरक्षित बनाना.’’ शाह ने यह भी जानना चाहा कि क्या कथित ‘‘टुकड़े टुकड़े गैंग’’ और ‘‘राहुल बाबा एंड कंपनी’’ देश को एक सक्षम नेतृत्व दे सकते हैं. उन्होंने कहा, ‘‘क्या वे एक मजबूत सरकार दे सकते हैं? केवल और केवल मोदी देश को एक मजबूत सरकार दे सकते हैं.’’
शाह ने आरोप लगाया कि भारतीय वायुसेना द्वारा हवाई हमले के बाद पूरे भारत में जश्न मनाया जा रहा था, मात्र दो स्थानों पर दुख था. जिसमें से एक पाकिस्तान था और दूसरा राहुल बाबा एंड कंपनी का खेमा था.’’ इस दौरान उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी और बीजेपी को दोबारा सत्ता में लाने की अपील की. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने तेलंगाना को पिछले पांच वर्षों में 2.45 लाख करोड़ रुपये दिए जबकि पिछली कांग्रेस की केंद्र सरकार ने महज 16500 करोड़ रुपये दिए थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 09, 2019 04:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

