VIDEO: AAP ने लॉन्च किया नया स्टूडेंट विंग, नाम रखा Association of Students for Alternative Politics; केजरीवाल ने कहा- अब कैंपस में भी चलेगी बदलाव की राजनीति
Photo- @ArvindKejriwal/X

AAP New Student Wing ASAP: आम आदमी पार्टी (AAP) ने आज, 20 मई को आधिकारिक तौर पर अपनी छात्र इकाई ‘एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर ऑल्टरनेटिव पॉलिटिक्स’ (Association of Students for Alternative Politics) लॉन्च कर दी है. इस मंच के जरिए AAP अब कैंपस राजनीति में एंट्री कर रही है और युवाओं को "वैकल्पिक राजनीति" से जोड़ने की कोशिश करेगी. लॉन्चिंग के मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने छात्रों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि भारत आज जिन समस्याओं से जूझ रहा है, वो 75 साल से चली आ रही पारंपरिक राजनीति की देन है.

''कांग्रेस और बीजेपी जैसी पार्टियों ने सत्ता में रहकर सिर्फ अपनी राजनीति की. हमने दिल्ली में जो किया, वो है 'वैकल्पिक राजनीति'. हमने 10 साल तक बिना बिजली कटौती के सप्लाई दी, लेकिन अब सिर्फ 3 महीने में बीजेपी ने फिर से बिजली कट लगवा दिए.''

ये भी पढें: 15 AAP Councillors Resigned: ‘आप’ के 15 पार्षदों ने दिया इस्तीफा, ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ के नाम से बनाएंगे थर्ड फ्रंट

AAP ने लॉन्च किया नया स्टूडेंट विंग

BJP-कांग्रेस पर केजरीवाल के गंभीर आरोप

केजरीवाल ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा बनाए गए मजबूत पब्लिक सिस्टम को जानबूझकर नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है.

उन्होंने कहा, ''हमने सरकारी स्कूलों को वर्ल्ड क्लास बनाया, मोहल्ला क्लीनिक और सरकारी अस्पतालों को आम आदमी के लिए मजबूत किया, लेकिन बीजेपी सरकार अब उन्हें बर्बाद कर रही है.''

क्या होगा AAP की नई स्टूडेंट विंग का काम

AAP की नई स्टूडेंट विंग का मकसद छात्रों के बीच पारदर्शी राजनीति, शिक्षा, और जनहित के मुद्दों पर जनजागरूकता बढ़ाना है. पार्टी का दावा है कि यह इकाई दिल्ली के विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में सक्रिय होकर छात्रों को राजनीति में भागीदारी के लिए प्रेरित करेगी.

AAP का यह स्टूडेंट संगठन शिक्षा प्रणाली को लेकर कैम्पस में डिबेट, सेमिनार और जनसंपर्क अभियान भी चलाएगा. इसके ज़रिए पार्टी युवाओं को जमीनी राजनीति से जोड़ने की कोशिश करेगी.

छात्रों से केजरीवाल की अपील

केजरीवाल ने छात्रों से अपील की और कहा, “देश को अब नई सोच, ईमानदारी और विकास की राजनीति की जरूरत है. कैंपस से लेकर संसद तक इस बदलाव की शुरुआत आपको करनी है.” AAP के इस कदम को आगामी छात्रसंघ चुनावों और युवा वोटरों को जोड़ने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है.

पार्टी का मानना है कि युवा अब पारंपरिक नेताओं और पार्टियों से निराश हैं और उन्हें एक नया विकल्प चाहिए जो सिर्फ वादे नहीं, काम करे.