देश

Narmadpuram Hit and Run: तेज रफ्तार कार ने युवक को रौंदा, 15 मीटर तक घसीटती रही गाड़ी, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है. यहां संजय नगर ग्वालटोली इलाके में मंगलवार रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी.

Narmadpuram Hit and Run: तेज रफ्तार कार ने युवक को रौंदा, 15 मीटर तक घसीटती रही गाड़ी, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा
Photo- @gaurav1307kumar/X

Narmadpuram Hit and Run: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है. यहां संजय नगर ग्वालटोली इलाके में मंगलवार रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरा. इसके बाद कार चालक ने युवक को 10 से 15 मीटर तक घसीटा और फिर कुचलते हुए फरार हो गया. यह पूरी घटना सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

इस हादसे में घायल युवक की पहचान राजा धौलपुरिया के रूप में हुई है. उसके सिर, पैर, कमर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं. उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

ये भी पढें: Narmadapuram Train Video: मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम में रेलवे ट्रैक पार करते हुए ट्रैक्टर पटरी में फंसा, सामने से आ रही थी ट्रेन, लोको पायलट की सुझबुझ से हादसा टला

तेज रफ्तार कार ने युवक को रौंदा

पुलिस ने जब्त की कार, आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर लावारिस हालत में वही सफेद स्विफ्ट डिजायर कार मिली, जिसे जब्त कर लिया गया है. हालांकि, कार चालक अभी भी फरार है. पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है.

परिजनों की गुहार, आरोपी को मिले कड़ी सजा

घायल युवक के भाई विशाल ने बताया, "मैं जैसे ही घर से बाहर निकला, मेरे दोस्त ने बताया कि मेरे भाई का एक्सीडेंट हो गया है. जब मैं मौके पर पहुंचा, तो राजा सड़क पर लहूलुहान पड़ा था. मैंने तुरंत 108 को कॉल किया और अस्पताल लेकर आया."

इस मामले पर एसडीओपी पराग सैनी ने बताया कि पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए कार जब्त कर ली है और आरोपी की तलाश जारी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 06, 2025 12:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).