मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के मलाड (पूर्व) इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक जलपान की दुकान पर बिल के भुगतान को लेकर शुरू हुई मामूली बहस इतनी हिंसक हो गई कि एक ग्राहक ने दुकानदार की उंगली दांतों से काटकर शरीर से अलग कर दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
ऑनलाइन पेमेंट और कंफर्मेशन पर शुरू हुआ विवाद
यह घटना सोमवार शाम करीब 8:30 बजे शिवाजी चौक के पास स्थित 'सहारा वडापाव' केंद्र पर हुई. पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी लक्ष्मीधर मंगल मलिक दुकान पर समोसा-कटलेट खाने आया था. खाने के बाद उसने ऑनलाइन भुगतान किया, लेकिन जब दुकानदार रंजीत हरिवंश सिंह के बेटे आर्यन ने भुगतान की पुष्टि (Confirmation) मांगी, तो आरोपी भड़क गया. यह भी पढ़े: Mumbai Shocker: मुंबई के मालवानी इलाके में पत्नी की हत्या कर पति ने किया सरेंडर, पुलिस ने किया गिरफ्तार
देखते ही देखते आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया. जब रंजीत सिंह ने बीच-बचाव करने और उसे शांत होकर वहां से जाने को कहा, तो आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने रंजीत पर शारीरिक हमला कर दिया.
दांतों से काट दी तीन उंगलियां
हमले के दौरान आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं. उसने रंजीत के दाहिने हाथ की बीच वाली उंगली को अपने मुंह में दबाकर इतनी जोर से काटा कि उंगली का अगला हिस्सा कटकर अलग हो गया. इतना ही नहीं, उसने रंजीत के बाएं हाथ की भी दो उंगलियों को बुरी तरह चबाकर जख्मी कर दिया.
दुकान पर मौजूद कर्मचारियों और पीड़ित के बेटे ने बड़ी मुश्किल से आरोपी को काबू किया और पुलिस को सूचना दी. खून से लथपथ रंजीत को तुरंत परेल स्थित केईएम (KEM) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है.
आरोपी गिरफ्तार, कानूनी कार्रवाई शुरू
दिंडोशी पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी लक्ष्मीधर मंगल मलिक को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि क्या वह किसी नशे के प्रभाव में था या यह केवल तात्कालिक गुस्से का परिणाम था. फिलहाल, मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है.













QuickLY