लोकसभा चुनाव 2019: मिशन यूपी के लिए कांग्रेस की 'न्याय रथ यात्रा' आज, राहुल-प्रियंका हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना
लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की अधिक से अधिक सीट अपने पाले में लाने के लिए कांग्रेस अपनी पूरी ताकत झोंक रही है. इसी कड़ी में कांग्रेस सोमवार को फतेहपुर सीकरी से न्यूनतम आय योजना (न्याय) रथ यात्रा का शुभारंभ करने जा रही है.
लखनऊ: लोकसभा चुनावों (Lok Sabha Elections 2019) में उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की अधिक से अधिक सीट अपने पाले में लाने के लिए कांग्रेस (Congress) अपनी पूरी ताकत झोंक रही है. इसी कड़ी में कांग्रेस सोमवार को फतेहपुर सीकरी से न्यूनतम आय योजना (न्याय) रथ यात्रा का शुभारंभ करने जा रही है. इस यात्रा को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने 'न्याय यात्रा' का यह कार्यक्रम पूर्वी उत्तर प्रदेश से पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के योजना के मुताबिक किया जा रहा है. इस कार्यक्रम के तहत पार्टी अपनी महत्वाकांक्षी न्यूनतम आय योजना (न्याय) के वादे को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएगी.
अगले छह चरणों पर होगा पूरा ध्यान-
पार्टी ने कहा है कि इस यात्रा के दौरान मुख्यतः राज्य के उन सभी संसदीय क्षेत्रों को कवर किया जाएगा जहां अगले छह चरणों मे चुनाव होने वाले है. यात्रा की शुरुआत के मौके पर राहुल और प्रियंका के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश महासचिव-प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ही कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहने वाले है.
फतेहपुर सीकरी से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर चुनावी मैदान में है. सूत्रों के मुताबिक यह यात्रा के दौरान कई संसदीय क्षेत्रों में खुद प्रियंका भी इस यात्रा में शामिल हो सकती हैं. कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणापत्र में देश के पांच करोड़ सबसे गरीब परिवारों को सालाना 72 हजार रुपए देने का वादा किया है.
सभी प्रमुख नेता लेंगे हिस्सा-
पार्टी की ओर से तय कार्यक्रम के मुताबिक हर क्षेत्र में चुनाव प्रचार खत्म होने तक यह 'न्याय यात्रा' चलेगी और इसमें सबंधित क्षेत्र के सभी प्रमुख नेता, कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवा दल के लोग शामिल होंगे. इस यात्रा के तहत जमीनी स्तर पर छोटी-छोटी सभाएं की जाएंगी, पर्चे बांटे जाएंगे और जन संवाद कार्यक्रमों के आयोजन होंगे.
इसके साथ ही इस यात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया अभियान भी चलाया जाएगा. इसमें भारतीय युवा कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम तथा प्रदेश संगठन के लिए कार्यरत सोशल मीडिया टीम प्रमुख जिम्मेदारी निभाएंगी.
गौरतलब हो कि लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को खत्म हो चुका है. जबकि बाकी बचे छह चरणों की वोटिंग 19 मई तक होगी. पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर वोट डाले गए थे.
(भाषा इनपुट के साथ)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 15, 2019 09:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

