UP: लखीमपुर खीरी कांड के आरोपी आशीष मिश्रा ने किया सरेंडर, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की थी याचिका
आशीष मिश्रा (Photo: PTI)

Lakhimpur Kheri Case: लखीमपुर खीरी कांड के मुख्य आरोपी व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे आशीष मिश्रा उर्फ सोनू ने आखिरकार कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने आशीष मिश्रा की जमानत खारिज कर दी थी. साथ ही उन्हें एक हफ्ते में कोर्ट के सामने पेश होने के लिए कहा गया था. जिसके बाद आरोपी आशीष मिश्रा ने मजिस्ट्रेट के सामने सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उन्हें एक बार फिर जेल भेज दिया गया. सरेंडर के बाद इलाके में भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया है.

आशीष किसानों के आंदोलन के दौरान लखीमपुर में हुई हिंसा के मामले में मुख्य आरोपी है. 25 अप्रैल को सोमवार का दिन है. हफ्ते के पहले दिन कोर्ट में काफी भीड़भाड़ होती है. ऐसे में माना जा रहा है कि भीड़ से बचने के लिए ही आशीष मिश्रा ने छुट्टी के दिन रविवार को ही लखीमपुर की निचली कोर्ट में सरेंडर कर दिया.

पिछले साल अक्टूबर में किसान आंदोलन के दौरान लखीमपुर खीरी में किसानों को कुचलने की घटना हुई थी. इसमें केंद्रीय मंत्री के पुत्र पर हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के साथ जेल भेज दिया गया था. आशीष मिश्रा को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फरवरी 2022 में जमानत दी थी, जिसको लेकर तमाम सवाल भी उठे थे. सुप्रीम कोर्ट ने 18 अप्रैल 2022 को केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा की बेल रद्द कर दी थी.