Mathura News: मथुरा में हैरान कर देने वाला मामला, सात फेरों से पहले 'पेशाब' का बहाना बनाकर दूल्हा फरार, दुल्हन के अरमानों पर फिरा पानी
मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां शादी के सात फेरों से ठीक पहले एक दूल्हा 'पेशाब' का बहाना बनाकर मंडप से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि वह किसी अन्य लड़की के साथ भाग गया है.
Mathura Groom News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहाँ गोवर्धन थाना क्षेत्र के एक गांव में दो सगी बहनों की शादी दो सगे भाइयों के साथ होने वाली थी. बारात धूमधाम से आई, जयमाला की रस्म भी पूरी हो गई, लेकिन सात फेरों से ठीक पहले बड़ा दूल्हा पेशाब करने के बहाने मंडप से उठा और गायब हो गया. काफी खोजबीन के बाद भी जब वह नहीं मिला, तो शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.
राजस्थान से आई थी बारात
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के कामा क्षेत्र से दो भाई बारात लेकर मथुरा पहुंचे थे. घर में उत्सव का माहौल था और दोनों बहनें दुल्हन के लिबास में सजी मंडप में फेरों का इंतजार कर रही थीं. जयमाला के बाद जैसे ही फेरों की तैयारी शुरू हुई, बड़े भाई (दूल्हे) ने लघुशंका (पेशाब) का बहाना बनाया और स्टेज से नीचे उतरा. जब वह घंटों तक वापस नहीं लौटा, तो हड़कंप मच गया. यह भी पढ़े: VIDEO: लखनऊ में हैरान कर देने वाला मामला, पति से तलाक पाने के लिए पत्नी ने प्रेमी के साथ रची गोकशी की झूठी साजिश, राज खुलने पर गिरफ्तार
दूसरी लड़की के साथ फरार होने का आरोप
दूल्हे की तलाश के दौरान ग्रामीणों और परिजनों को पता चला कि मामला केवल गायब होने का नहीं है. आरोप है कि दूल्हा शेरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव से अपने किसी रिश्तेदार की लड़की को साथ लेकर फरार हो गया है. इस खबर के बाद वधू पक्ष पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. दूल्हे की इस हरकत से न केवल शादी टूट गई, बल्कि दुल्हन के अरमान भी बिखर गए.
रात भर चली पंचायत
घटना के बाद लड़की पक्ष ने दूल्हे के परिवार के कुछ सदस्यों को मौके पर ही रोक लिया और देर रात तक गांव में पंचायत चलती रही. वधू पक्ष ने इस मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने क्या कहा
शेरगढ़ थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें इस संबंध में मौखिक शिकायत मिली है. दूल्हे की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और उसके पकड़े जाने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है, लेकिन इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 12, 2026 04:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

