देश

गांगुली को अस्पताल से मिली छुट्टी, कहा, मैं बिल्कुल ठीक हूं

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली को गुरुवार सुबह कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. अस्पताल से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा, 'मैं बिल्कुल ठीक हूं.

गांगुली को अस्पताल से मिली छुट्टी, कहा, मैं बिल्कुल ठीक हूं
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Instagram)

कोलकाता, 7 जनवरी : बीसीसीआई (BCCI) अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) को गुरुवार सुबह कोलकाता के वुडलैंड्स (Woodlands) अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. अस्पताल से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा, 'मैं बिल्कुल ठीक हूं.' गांगुली को बीते शनिवार दो जनवरी को मामूली दिल का दौरा पड़ा था. इसके बाद उन्हें कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी.

गांगुली ने अस्पताल से बाहर आने के बाद कहा, "मैं इलाज के लिए अस्पताल के डॉक्टरों का शुक्रिया अदा करता हूं. मैं बिल्कुल ठीक हूं. उम्मीद है कि मैं जल्दी उड़ान भर सकूंगा." उन्होंने हालांकि मीडिया के सवालों का जवाब देने से मना कर दिया. गांगुली को दो जनवरी को सीने में दर्द के साथ-साथ ब्लैकआउट (आंखों के सामने अंधेरा छाना) की शिकायत हुई थी. वह अपने घर में बने जिम में वर्जिश कर लौट थे तभी उन्हें यह शिकायत हुई थी. इसके बाद उन्होंने अपने पारिवारिक डॉक्टर को बुलाया जिनकी सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.

अस्पताल के बाहर उनके कई प्रशंसक भी मौजूद थे. वहीं बिरेन रॉय रोड स्थित उनके घर बेहला के बाहर भी उनके कई प्रशंसक गांगुली का इंतजार कर रहे थे. गांगुली ने कहा, "मैं ठीक हूं. अपनी सामान्य जिंदगी में वापस लौट चुका हूं." उन्होंने अपने बचपन के दोस्त जॉयदीप का भी इस मुश्किल समय में साथ खड़े रहने के लिए शुक्रिया अदा किया. गांगुली ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "तुमने बीते पांच दिनों में जो मेरे लिए किया है वो मैं कभी नहीं भूलूंगा.. मैं तुम्हें 40 साल से जानता हूं और अब यह परिवार से ज्यादा हो गया है." यह भी पढ़ें : सौरव गांगुली को हार्ट अटैक आने के बाद Adani Wilmar ने रोके उनके विज्ञापन

पूर्व भारतीय कप्तान की देखरेख के लिए अस्पताल ने नौ सदस्यीय टीम का गठन किया था. अस्पताल ने गुरुवार सुबह बुलेटिन में बताया, "इलाज करने वाले डॉक्टर उनके स्वास्थ पर निगरानी रख रहे हैं और समय-समय पर घर पर भी उन्हें उपयुक्त इलाज मुहैया कराएंगे." इससे पहले, जाने-माने कार्डियक सर्जन देवी शेट्टी मंगलवर सुबह कोलकाता आए और उन्होंने गांगुली का इलाज किया. उन्होंने कहा था कि गांगुली की स्थिति स्थिर है और वह अस्पताल से जल्दी डिस्चार्ज कर दिए जाएंगे. अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, गांगुली को अगले दो सप्ताह के लिए सख्त गाइडलाइंस का पालन करना होगा. इस दौरान उनके कुछ मेडिकल टेस्ट भी किए जाएंगे.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 07, 2021 03:07 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).