देश

Bhagalpur Shocker: शादी के महज 15 दिन बाद फंदे से झूलती मिली नवविवाहिता, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

बिहार के भागलपुर जिले के धनोरा गांव में एक नवविवाहिता का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका हुआ मिला. मृतका के परिवार ने पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.

Bhagalpur Shocker: शादी के महज 15 दिन बाद फंदे से झूलती मिली नवविवाहिता, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: File Photo)

भागलपुर, 27 अप्रैल: बिहार (Bihar) के भागलपुर जिले (Bhagalpur District) से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां शादी (Wedding) के मात्र 15 दिन बाद एक 23 वर्षीय नवविवाहिता (Newly Married Woman) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका का शव रविवार सुबह ससुराल के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया. घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं मायके वालों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए दहेज के लिए हत्या (Murder for Dowry) किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है. यह भी पढ़ें: Hazaribag Road Accident: झारखंड के हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत छह लोगों की मौत

शादी के 15 दिन बाद मिली लाश

मृतका की पहचान अनामिका कुमारी (23) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, अनामिका की शादी बीती 8 अप्रैल को रसलपुर थाना क्षेत्र के धनोरा गांव निवासी नारद मुनि कुमार के साथ हुई थी. रविवार सुबह जब घर के भीतर छत के हुक से दुपट्टे के सहारे अनामिका का शव लटका मिला, तो स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी.

दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप

अनामिका मूल रूप से झारखंड के गोड्डा जिले के मैनाचक गांव की रहने वाली थी. घटना की खबर मिलते ही गांव पहुंचे मायके वालों ने बताया कि शादी के दिन से ही अनामिका को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. मृतका की मां ने रसलपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पति सहित ससुराल के आठ सदस्यों को नामजद किया है. परिजनों का आरोप है कि अनामिका की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया.

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

सूचना मिलते ही रसलपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति नारद मुनि कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जो गांव में ही एक इंटरनेट कैफे चलाता है. पुलिस के पहुंचते ही घर के अन्य सदस्य फरार हो गए. यह भी पढ़ें: बिहार के सारण में खूनी संघर्ष: वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की चाकू गोदकर हत्या, तिलक समारोह की खुशियां मातम में बदलीं

जांच में जुटे अधिकारी

रसलपुर थाना प्रभारी (SHO) अमित कुमार ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा, "शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा." फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2026 05:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).