देश

Baghpat Shocker: यूपी के बागपत में भैंसा चोरी के शक में दोस्त बने दुश्मन, दिव्यांग की हत्या कर शव को गन्ने के खेत में दफनाया, फिर ऐसे खुला राज

उत्तर प्रदेश के बागपत में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जहाँ महज एक भैंसे की चोरी के शक में 6 दोस्तों ने मिलकर अपने ही एक दिव्यांग साथी की हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में दबा दिया.

Baghpat Shocker: यूपी के बागपत में भैंसा चोरी के शक में दोस्त बने दुश्मन, दिव्यांग की हत्या कर शव को गन्ने के खेत में दफनाया, फिर ऐसे खुला राज
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

Baghpat Shocker: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के थाना दोघट क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. यहाँ दाहा गांव में एक भैंसे की चोरी के मामूली शक में 6 दोस्तों ने मिलकर अपने ही दिव्यांग मित्र संजय की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को गन्ने के खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया. पुलिस ने घटना के 20 दिन बाद मुख्य आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया है.

होली के दिन से लापता था मृतक

मृतक संजय उर्फ बिल्लू शर्मा की अपने परिजनों से आखिरी बार बात होली के दिन हुई थी. उसके बाद से ही वह लापता था. काफी समय बीत जाने के बाद जब परिजनों को शक हुआ, तो उन्होंने संजय के दोस्त सचिन से पूछताछ की. सचिन ने जानकारी होने से इनकार कर दिया, लेकिन गांव में चर्चा थी कि सचिन और उसके साथियों ने संजय की पिटाई की थी. इसके बाद परिजनों ने पुलिस में हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस पूछताछ में हुआ खौफनाक खुलासा

पुलिस ने संदिग्ध सचिन को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की, तो पूरी सच्चाई सामने आ गई. सचिन ने बताया कि होली के दिन उसका भैंसा खेत से गायब हो गया था. उसे शक था कि संजय ने ही भैंसा चुराया है. इसी गुस्से में उसने अपने साथियों आकाश, अजीत और शुभम के साथ मिलकर संजय को पकड़ा और लाठी-डंडों से पीटा. मारपीट के दौरान संजय के नाजुक अंगों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उसकी जान निकल गई.

जिस भैंसे के लिए ली जान, वह सुरक्षित मिली

इस पूरी वारदात का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि जिस भैंसे की चोरी के शक में संजय की जान ली गई, वह कुछ ही समय बाद पास के ही दूसरे खेत में चरता हुआ मिल गया था. लेकिन तब तक आरोपी अपराध कर चुके थे. जब आरोपियों को एहसास हुआ कि संजय की मौत हो चुकी है, तो उन्होंने साजिश रचकर शव को ठिकाने लगाने का फैसला किया.

गन्ने के खेत से बरामद हुआ शव

आरोपियों ने शव को छिपाने के लिए गन्ने के खेत में एक गहरा गड्ढा खोदा और उसे कूड़े-करकट के बीच दबा दिया ताकि किसी को दुर्गंध न आए. पुलिस ने मुख्य आरोपी सचिन की निशानदेही पर 20 दिन बाद शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं. मामले में हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 24, 2026 10:25 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).