देश की खबरें | अंकटाड ने रद्द उड़ानों का किराया वापस करने की मांग का संज्ञान लिया: मुंबई ग्राहक पंचायत
जियो

मुंबई, छह जून उपभोक्ताओं के अधिकारों का संरक्षण करने वाले संगठन मुंबई ग्राहक पंचायत (एमजीपी) ने शनिवार को दावा किया कि अंकटाड ने रद्द उड़ानों के लिये यात्रियों का किराया वापस लौटाने की उसकी मांग को स्वीकार कर लिया है।

एमजीपी ने कहा कि अंकटाड (संरा व्यापार एवं विकास सम्मेलन) ने सदस्य देशों से विमानन कंपनियों को हवाई यात्रियों के अधिकारों का सम्मान करने की सलाह देने के लिये कहा है।

यह भी पढ़े | जम्मू-कश्मीर: बारामूला के सोपोर इलाके में आतंकियों की गोली से युवक की मौत: 6 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

एमजीपी ने अप्रैल में नागरिक उड्डयन मंत्रालय से आग्रह किया था कि वह यात्रा की तारीख के आधार पर रद्द की गई उड़ानों को लेकर ग्राहकों का धन वापस करने के लिये विमानन कंपनियों को निर्देश दे। उसने मंत्रालय से इस संबंध में एक आदेश में संशोधन करने का भी आग्रह किया था।

उड्डयन मंत्रालय ने 16 अप्रैल को कहा था कि यदि टिकट लॉकडाउन के पहले चरण के दौरान बुक किये गये हों तो यात्री तीन मई तक की यात्रा के लिये विमानन कंपनियों से पूरा किराया वापस करने को कह सकते हैं।

यह भी पढ़े | Pregnant Elephant Death In Kerala: तमिलनाडु में गर्भवती हथिनी को शिक्षकों ने कैंडल जलाकर दी श्रद्धांजलि.

सरकार ने कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिये 25 मार्च से पूरे देश में लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की थी। उसके बाद से देश में वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं को निलंबित कर दिया गया था। हालांकि 25 मई से घरेलू मार्गों पर उड़ान सेवाओं को आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है।

संगठन के चेयरमैन शिरीष वी देशपांडे ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मुंबई ग्राहक पंचायत ने उपभोक्ता संरक्षण के लिये संयुक्त राष्ट्र के दिशानिर्देशों पर ध्यान आकर्षित करने के लिये अंकटाड से संपर्क किया था। संगठन ने संयुक्त राष्ट्र के हस्तक्षेप करने का आग्रह किया कि वे यात्रियों को उनकी वैध वापसी से इनकार करने और भविष्य की यात्रा को लेकर क्रेडिट वाउचर पर जोर देने के विमानन कंपनियों के अपमानजनक व्यवहारों से बचाव करें। इसका संज्ञान लेते हुए अंकटाड ने अब चार जून को संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों से विमानन कंपनियों को हवाई यात्रियों के अधिकारों का सम्मान करने का निर्देश देने की सलाह दी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)