एजेंसी न्यूज

Gurugram Shocker: गुरुग्राम में कंपनी के कैशियर की हत्या में उसके सहकर्मी समेत दो लोग शामिल थे

हरियाणा के गुरुग्राम में वित्तीय विवाद के कारण एक निजी कंपनी में कैशियर के रूप में कार्यरत 46 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कथित तौर पर उसके एक सहकर्मी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी.

Gurugram Shocker: गुरुग्राम में कंपनी के कैशियर की हत्या में उसके सहकर्मी समेत दो लोग शामिल थे

गुरुग्राम, 2 फरवरी : हरियाणा के गुरुग्राम में वित्तीय विवाद के कारण एक निजी कंपनी में कैशियर के रूप में कार्यरत 46 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कथित तौर पर उसके एक सहकर्मी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि कानपुर देहात के संदूपुर गांव के रहने वाले आरोपी अवनीश कुमार और कासगंज के नंगला बिहारा गांव के निवासी एवं टैक्सी चालक बॉबी कुमार को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने बताया कि पुलिस ने बिनौला गांव में एक खाली भूखंड से 23 जनवरी को शव बरामद किया था, जिसके बाद गांव के सरपंच की शिकायत के आधार पर बिलासपुर पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित की पहचान दिल्ली के पालम स्थित महावीर एन्क्लेव निवासी राकेश के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि गुरुग्राम के सेक्टर 53 स्थित एक निजी कंपनी में ‘राइडर’ के रूप में काम करने वाले अवनीश ने 2024 में दिवाली के दौरान कंपनी के कैशियर राकेश से 30,000 रुपये उधार लिए थे. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रकम नहीं चुका पाने के कारण अवनीश ने कथित तौर पर अपने दोस्त बॉबी के साथ मिलकर राकेश की हत्या की साजिश रची. यह भी पढ़ें : दिल्ली पुलिस ने लूट की कोशिश नाकाम की, पांच संदिग्ध गिरफ्तार

अधिकारी ने बताया कि योजना के अनुसार आरोपियों ने पैसे लौटाने के बहाने राकेश को 22 जनवरी को शंकर चौक के पास बुलाया. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि वे राकेश को बॉबी की कार में पंचगांव चौक ले गए, जहां उन्होंने कपड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को बिनौला गांव में फेंक दिया. पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल की गई कार जब्त कर ली गई है और आगे की जांच जारी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 02, 2025 12:38 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).