देश की खबरें | मंत्री के जन्मदिन समारोह में कर्मियों के नहीं पहुंचने पर नोटिस जारी करने वाले अधिकारी मुश्किल में

हैदराबाद, 29 जुलाई तेलंगाना के बेल्लमपल्ली में 24 जुलाई को राज्य के मंत्री के टी रामाराव के जन्मदिन समारोह में कथित रूप से गैरहाजिर रहने वाले अपने कुछ कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने पर वहां के निगम आयुक्त मुश्किलों में घिर गये हैं।

रामाराव ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि वह ऐसी बातों को प्रोत्साहित नहीं करेंगे । उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को कर्मचारियों को नोटिस जारी करने को लेकर बेल्लमपल्ली के निगम आयुक्त को निलंबित करने को कहा है।

केटीआर ने ट्वीट किया, ‘‘ मैं राजनीति या प्रशासन में चाटुकारिता को बढ़ावा कतई नहीं दूंगा। ’’

उन्होंने लिखा, ‘‘ मेरे जन्मदिन समारोह में नहीं आने पर अपने अधीनस्थों को मेमो जारी करने वाले अति उत्साही निगम आयुक्त के बारे में पढ़ा। (मैंने) इस बकवासपूर्ण हरकत के लिए निगम आयुक्त को निलंबित करने को कहा है।’’

निगम आयुक्त जी गंगाधर ने नोटिस में अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर जवाब देने , अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा था।

गंगाधर ने इस संबंध में फोनकॉल का जवाब नहीं दिया।

इस बीच भाजपा के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रभारी अमित मालवीय ने ट्वीट कर सवाल किया कि क्या तेलंगाना निर्वाचित प्रतिनिधियों के शासन से राजशाही में तब्दील हो गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)