नयी दिल्ली, 24 जुलाई वरिष्ठ नौकरशाह राजेश भूषण को शुक्रवार को शीर्ष नौकरशाही में एक मामूली फेरबदल के तहत स्वास्थ्य सचिव नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में यह जानकारी दी गयी।
वह प्रीति सूदन की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे, जिनके कार्यकाल में अप्रैल को तीन माह की वृद्धि की गयी और वह 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रही हैं।
बिहार काडर के 1987 बैच के आईएएस अधिकारी भूषण स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में विशेष कार्य अधिकारी हैं। उन्हें इस साल अप्रैल में ओएसडी नियुक्त किया गया था।
कोरोना वायरस महामारी से निपटने में स्वास्थ्य मंत्रालय अग्रिम भूमिका निभा रहा है।
एक अन्य फेरबदल में, खान सचिव सुशील कुमार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है।
त्रिपुरा काडर के 1987 बैच के के आईएएस अधिकारी कुमार को राम कुमार मिश्रा के स्थान पर नियुक्त किया गया है। मिश्रा को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में सचिव बनाया गया है।
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने अनिल कुमार जैन को खान मंत्रालय के सचिव के पद का अतिरिक्त प्रभार दिया है।
मध्य प्रदेश काडर के 1986 बैच के आईएएस अधिकारी जैन कोयला मंत्रालय के सचिव हैं।
मिश्रा अजय तिर्की की जगह लेंगे जिन्हें भूमि संसाधन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY