भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.ट्रंप ने चीन दौरे को "बहुत सफल" बताया, शी ने कहा, "मील का पत्थर"
राहुल गांधी बोले, "मोदी सरकार की गलती की कीमत जनता चुकाएगी"
पेपर लीक विवाद के बाद दोबारा होगी नीट-यूजी 2026 की परीक्षा
भारत ने पेट्रोल और डीजल के दाम में की तीन रुपये की बढ़ोतरी
पीएम मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की निंदा की, कहा- शांति के लिए हरसंभव सहयोग देंगे
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का फैसला, भोजशाला को मंदिर घोषित किया
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का फैसला, भोजशाला को मंदिर घोषित किया
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने शुक्रवार, 15 मई को धार स्थित भोजशाला‑कमाल मौला मस्जिद परिसर के मामले में अहम फैसला सुनाया. कोर्ट ने कहा कि इस स्थल का धार्मिक चरित्र “भोजशाला” का है, जिसे वाग्देवी (देवी सरस्वती) के मंदिर के रूप में माना जाएगा. अदालत ने अपने फैसले में ऐतिहासिक साहित्य, शिलालेख और वास्तु साक्ष्यों का हवाला देते हुए कहा कि यह स्थान परमार वंश के राजा भोज से जुड़ा रहा है और प्राचीनकाल में संस्कृत शिक्षा का प्रमुख केंद्र था.
भारत: क्या है धार का भोजशाला विवाद
हाई कोर्ट ने 2003 के उस आदेश को भी निरस्त कर दिया, जिसके तहत हिंदुओं को मंगलवार को पूजा करने और मुस्लिम पक्ष को शुक्रवार को नमाज अदा करने की अनुमति दी गई थी. कोर्ट ने कहा कि उपलब्ध पुरातात्विक और ऐतिहासिक साक्ष्यों से यह स्थापित होता है कि यहां पहले सरस्वती मंदिर मौजूद था. मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि मुस्लिम पक्ष के धार्मिक अधिकारों को देखते हुए अदालत ने कहा कि यदि वे चाहें तो मस्जिद निर्माण के लिए वैकल्पिक भूमि के लिए सरकार के पास आवेदन कर सकते हैं.
पीएम मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की निंदा की, कहा- शांति के लिए हरसंभव सहयोग देंगे
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचे. भारतीय अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान भारत और यूएई ने रणनीतिक रक्षा सहयोग, पेट्रोलियम भंडार और एलएनजी की आपूर्ति से जुड़े समझौतों पर हस्ताक्षर किए. पीएम मोदी और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की उपस्थिति में दोनों देशों ने एमओयू का आदान-प्रदान किया.
मध्य-पूर्व में मौजूदा हालात पर पीएम मोदी ने कहा कि यूएई पर हुए हमलों की हम घोर निंदा करते हैं. यूएई को जिस तरह से निशाना बनाया गया है, वह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि इन कठिन परिस्थितियों में आपने जिस संयम और साहस का परिचय दिया है, ये बहुत ही सराहनीय है, राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता बनाए रखने में आपके नेतृत्व में उठाए गए कदमों का हम अभिनंदन करते हैं.
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में युद्ध की स्थिति का प्रभाव आज पूरे विश्व पर दिखाई दे रहा है और भारत ने मुद्दों को सुलझाने के लिए हमेशा बातचीत और कूटनीति को प्राथमिकता दी है. उन्होंने कहा, "होर्मुज स्ट्रेट को मुक्त, खुला और सुरक्षित रखना हमारी बड़ी प्राथमिकता है. इस मामले में, अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करना अनिवार्य है."
उन्होंने यह भी कहा कि भारत हर स्थिति में यूएई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और भविष्य में भी खड़ा रहेगा. उनके मुताबिक, भारत जल्द से जल्द शांति और स्थिरता की बहाली के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने को तैयार है.
अमेरिका में गौतम अदाणी के खिलाफ केस बंद होने के करीब: रिपोर्ट
भारतीय अरबपति गौतम अदाणी से जुड़ा एक बड़ा कानूनी मामला अमेरिका में सुलझने की दिशा में बढ़ रहा है. अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (एसईसी) ने उनके खिलाफ दर्ज सिविल धोखाधड़ी मामले में समझौता कर लिया है, जिसे अब अदालत की मंजूरी मिलना बाकी है. यह जानकारी समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने दो सूत्रों के हवाले से दी है. इस समझौते के तहत गौतम अदाणी 60 लाख डॉलर और उनके भतीजे सागर अदाणी 1.2 करोड़ डॉलर का जुर्माना भरेंगे. हालांकि, दोनों ने आरोपों को न तो स्वीकार किया है और न ही खारिज किया है.
बिहार में अदाणी पावर प्लांट वाली जमीन पर असल में कितने पेड़ लगे हैं?
यह मामला 2024 में सामने आया था, जिसमें आरोप था कि अदाणी ने भारत में सोलर परियोजनाओं के ठेके हासिल करने के लिए सरकारी अधिकारियों को रिश्वत देने या रिश्वत देने का वादा करने की योजना बनाई लेकिन इसकी जानकारी अमेरिकी निवेशकों को नहीं दी और उन्हें गुमराह करके फंड जुटाया. एसईसी का कहना था कि इस कथित योजना के जरिए निवेशकों को गलत जानकारी दी गई. अदाणी समूह ने इन आरोपों को पहले ही बेबुनियाद बताया था.
क्या गौतम अदाणी के खिलाफ रिश्वत देने के आरोप नहीं लगाए गए हैं
अदाणी से जुड़े मामले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौता नहीं, अदाणी की रिहाई का सौदा किया है.
राहुल ने एक्स पर लिखा, "कंम्प्रोमाइज्ड, पीएम ने व्यापार समझौता नहीं, अदाणी की रिहाई का सौदा किया." राहुल गांधी और कांग्रेस, अदाणी के खिलाफ उस मामले को लेकर आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं, जिसमें नवंबर 2024 में अमेरिकी अभियोजकों ने अदाणाी, उनके भतीजे सागर अदाणी और छह अन्य लोगों पर आरोप तय किए थे.
ट्रंप ने चीन दौरे को "बहुत सफल" बताया, शी ने कहा, "मील का पत्थर"
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का दो दिवसीय चीन दौरा शुक्रवार को समाप्त हुआ. इस दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनकी अहम वार्ता हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर और मजबूत बनाने की बात कही. बातचीत के दौरान शी ने इस मुलाकात को "मील का पत्थर" बताया, जबकि ट्रंप ने इसे "बहुत सफल" करार दिया. दोनों नेताओं ने अनौपचारिक माहौल में चाय और भोजन के साथ करीब तीन घंटे तक चर्चा की और रिश्तों को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई.
ट्रंप का ऐसा असर, अब ब्रिटेन भी चीन से रिश्ते सुधारने चला है
शी के साथ बैठक से पहले ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "ये पिछले कुछ दिन सचमुच बहुत बढ़िया रहे हैं." वहीं शी ने अपनी ओर से इसे एक "मील का पत्थर" बताया. उन्होंने कहा, "हमने एक नया द्विपक्षीय संबंध स्थापित किया है या यूं कहें कि एक रचनात्मक, रणनीतिक और स्थिर संबंध."
हालांकि, इस सकारात्मक माहौल के बावजूद कई अहम मुद्दों पर मतभेद बरकरार हैं. ताइवान को लेकर शी ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि इस मुद्दे को ठीक से नहीं संभाला गया तो टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है. वहीं अमेरिका ने अपनी नीति में कोई बदलाव न होने की बात दोहराई.
अमेरिका के तेल कंट्रोल से बचने के लिए क्या कर रहा है चीन
चीन ने साफ तौर पर कहा है कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को बनाए रखने के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को जल्द से जल्द खोला जाना चाहिए. यह जलमार्ग ईरान संघर्ष की शुरुआत, 28 फरवरी के बाद से लगभग बंद है, जबकि पहले दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल का परिवहन इसी रास्ते से होता था. इस कारण अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में अस्थिरता और कीमतों में उछाल देखने को मिला है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई वार्ता में इस मुद्दे पर सहमति बनी कि होर्मुज का खुलना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी है. दोनों नेताओं ने संकेत दिया कि वे क्षेत्र में तनाव कम करने और ऊर्जा आपूर्ति को सामान्य बनाने के पक्ष में हैं. ट्रंप ने शी के साथ बैठक के दौरान कहा कि दोनों देशों की सोच इस मुद्दे पर काफी हद तक मिलती-जुलती है.
राहुल गांधी बोले, "मोदी सरकार की गलती की कीमत जनता चुकाएगी"
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर लिखा, "मोदी सरकार की गलती की कीमत जनता चुकाएगी. तीन रुपये का झटका तो अभी लग गया है, बाकी वसूली किस्तों में होगी." उनका यह बयान उस समय आया जब देशभर में ईंधन की कीमतों में प्रति लीटर करीब तीन रुपये की बढ़ोतरी की गई है.
राहुल गांधी इससे पहले भी आरोप लगा चुके हैं कि चुनाव के बाद महंगाई बढ़ेगी और सरकार जनता पर बोझ डालेगी. उनका कहना है कि जब कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब सरकार ने फायदा उठाया और अब कीमतें बढ़ने पर उसका बोझ आम लोगों पर डाला जा रहा है. मौजूदा बढ़ोतरी को लेकर उन्होंने अंदेशा जताया है कि आगे भी किस्तों में कीमतें बढ़ सकती हैं, जिससे महंगाई और बढ़ने की संभावना है.
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि देश की जनता अब मोदी सरकार और उसके कथित कुप्रबंधन से पूरी तरह तंग आ चुकी है. वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है.
पेपर लीक विवाद के बाद दोबारा होगी नीट-यूजी 2026 की परीक्षा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने घोषणा की है कि नीट-यूजी 2026 परीक्षा अब दोबारा आयोजित की जाएगी और इसकी नई तारीख 21 जून 2026 तय की गई है. यह फैसला भारत सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया है. इस घोषणा के बाद करीब 22 लाख छात्र-छात्राओं को स्पष्टता मिली है, जो पिछले कुछ समय से अनिश्चितता में थे.
क्या भारत में 'एंटी-रैगिंग सिस्टम' कमजोर पड़ रहा है?
स्टूडेंट और अभिभावकों से एनटीए ने साफ तौर पर अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें. इसके लिए एजेंसी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट और संपर्क नंबर भी जारी किए हैं, ताकि किसी भी तरह की गलत जानकारी से बचा जा सके.
एनटीए ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए बताया, "नीट-यूजी 2026 परीक्षा तिथि की घोषणा. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की स्वीकृति से नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा को दोबारा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है."
3 मई 2026 को आयोजित की गई नीट यूजी परीक्षा में पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोप सामने आए थे, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया. एजेंसियों की शुरुआती जांच में परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठे. इसी आधार पर परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया और अब इसे नए सिरे से आयोजित करने की तैयारी है.
भारत ने पेट्रोल और डीजल के दाम में की तीन रुपये की बढ़ोतरी
भारत में शुक्रवार, 15 मई को पेट्रोल और डीजल के नए रेट जारी किए गए. राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 3.14 रुपये प्रति लीटर बढ़ाकर 97.77 रुपये कर दी गई है, जबकि डीजल 3.11 रुपये महंगा होकर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है.
इस बीच, मध्य पूर्व संकट के चलते तेल कंपनियों ने सीएनजी की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है. शुक्रवार से सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई है. दिल्ली में सीएनजी की नई दर 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है.
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है. इसका सीधा असर भारतीय तेल कंपनियों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ा है. बढ़ती लागत और भारी नुकसान के बीच सरकारी तेल कंपनियों ने आखिरकार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है.
सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम का कहना है कि महंगे क्रूड ऑयल की वजह से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी पहले ही संकेत दे चुके थे कि तेल कंपनियों को रोजाना 1000 करोड़ रुपये से अधिक का घाटा हो रहा है. उनका कहना था कि अगर खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की गई तो एक तिमाही में कंपनियों का कुल नुकसान 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते रविवार को संकट के मद्देनजर विदेशी मुद्रा बचाने के लिए ईंधन के कम इस्तेमाल की अपील की थी.












QuickLY