हैदराबाद, 24 मई मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता 2025 में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व कर रही मिला मैगी अपनी मां की तबीयत बिगड़ने के कारण प्रतियोगिता को बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौट गई हैं। आयोजकों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
आयोजकों ने बताया कि मिस इंग्लैंड मैगी के पारिवारिक कारणों से प्रतियोगिता से पीछे हटने के बाद मिस इंग्लैंड प्रतियोगिता की प्रथम उपविजेता शैरलट ग्रांट इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उन्होंने बताया कि शैरलट बुधवार को भारत आईं और प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही अन्य प्रतिभागियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
आयोजकों की ओर से जारी बयान के मुताबिक, “मिला ने अपनी मां के स्वास्थ्य के कारण मई की शुरुआत में प्रतियोगिता छोड़ने का अनुरोध किया था। मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की अध्यक्ष जूलिया मोर्ले ने मिला की स्थिति पर सहानुभूतिपूर्ण फैसला किया और उनके तुरंत इंग्लैंड लौटने की व्यवस्था की।”
मोर्ले ने ब्रिटिश मीडिया में आई इन खबरों का खंडन किया कि भारत में मिला का अनुभव अच्छा नहीं था। उन्होंने कहा कि भारत में अपने अनुभव को लेकर मिला की कथित टिप्पणियां “झूठी, बेबुनियाद और मानहानिकारक हैं।”
बयान में कहा गया है कि जवाब में, मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन मिला के भारत प्रवास के दौरान रिकॉर्ड किए गए असंपादित वीडियो जारी कर रहा है, जिसमें वह अपने अनुभव के लिए आभार, खुशी और प्रशंसा करती है। ये वीडियो उनके अपने शब्दों और भावनाओं को दर्शाते हैं और हाल ही में फैलाए गए झूठे विमर्श का सीधा खंडन करते हैं।
इसमें कहा गया है कि मिस वर्ल्ड सच्चाई, गरिमा और "उद्देश्यपूर्ण सौंदर्य" के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है।
मिस इंग्लैंड संगठन ने 16 मई को उनके लौटने के बाद एक बयान जारी किया जिसमें मिला मैगी ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से सौंदर्य प्रतियोगिता से हटने का कठिन निर्णय लिया। भारत में इस आयोजन के पहले भाग में भाग लेना एक अविस्मरणीय अनुभव था जिसके लिए वह बेहद आभारी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन सभी लोगों को दिल से शुक्रिया अदा करना चाहती हूं जिन्होंने इस पूरी यात्रा में मेरा साथ दिया। आपका प्रोत्साहन मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं बाकी प्रतिभागियों को उनकी अविश्वसनीय यात्रा जारी रखने के लिए शुभकामनाएं देती हूं।
वर्ष 2002 से मिस इंग्लैंड की निदेशक एंजी बेस्ली ने कहा, "हमें यह घोषणा करते हुए खेद है कि मिला मैगी व्यक्तिगत कारणों से ब्रिटेन लौट आई हैं। हम उनके निर्णय के साथ पूरी तरह से खड़े हैं - स्वास्थ्य को हमेशा पहले स्थान पर रखना चाहिए।"
मिस वर्ल्ड 2025 प्रतियोगिता 10 मई को हैदराबाद में एक भव्य समारोह के साथ शुरू हुई थी और यह 31 मई तक जारी रहेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY