सीतामढ़ी, चार जून बिहार के सीतामढ़ी जिले में सुरसंड प्रखंड मुख्यालय स्थित सरयू उच्च विद्यालय में संचालित एक पृथक केंद्र से घर जाने पर अड़े प्रवासी मज़दूरों द्वारा बृहस्पतिवार को किए गए पथराव में तीन अधिकारियों सहित पांच व्यक्ति घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि प्रवासी मज़दूरों द्वारा किये गए पथराव में प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद यूनुस सलीम, अंचल अधिकारी संजय कुमार और सुरसंड थानाध्यक्ष एवं इंस्पेक्टर भोला कुमार सिंह के अलावा दो अन्य पुलिसकर्मी जख्मी हो गए।
यह भी पढ़े | दिल्ली: जामिया मिलिया इस्लामिया के कर्मचारी की कोरोना से मौत, यूनिवर्सिटी 30 जून तक बंद.
पुपरी अनुमंडल पुलिस अधिकारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पथराव करने वाले प्रवासी मजदूरों की पहचान की जा रही है।
बताया जाता है कि सुरसंड में बुधवार को चार लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाये जाने के बाद वहां रखे गए ये प्रवासी मजदूर घर जाने की जिद करने लगे।
अधिकारियों ने बताया कि प्रवासी मज़दूरों के घर जाने को लेकर हंगामा करने के साथ ही सुरसंड—पुपरी सड़क मार्ग को जाम कर देने की सूचना मिलते ही उन्हें समझाने सुरसंड प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद यूनुस सलीम, अंचल अधिकारी संजय कुमार और सुरसंड थानाध्यक्ष एवं इंस्पेक्टर भोला कुमार सिंह बल के साथ पहुंचे। उन पर आक्रोशित प्रवासी मजदूरों ने पथराव शुरू कर दिया जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और सुरसंड थानाध्यक्ष के अलावा दो अन्य पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
उल्लेखनीय है कि घर जाने की जिद पर अड़े प्रवासी मजदूरों की पृथकवास की अवधि अभी शेष थी जिस कारण प्रशासन ने उन्हें रोकना चाहा था।
सं अनवर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY