एजेंसी न्यूज

Kolkata Doctor Murder Case: कलकत्ता उच्च न्यायालय ने भाजपा को पांच दिन तक प्रदर्शन की अनुमति दी

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला चिकित्सक के साथ कथित बलात्कार और हत्या की घटना के खिलाफ 21 अगस्त से पांच दिन तक श्यामबाजार मेट्रो स्टेशन के समीप धरना-प्रदर्शन करने की अनुमति दे दी.

Kolkata Doctor Murder Case: कलकत्ता उच्च न्यायालय ने भाजपा को पांच दिन तक प्रदर्शन की अनुमति दी
Calcutta High Court | Credit- ANI

कोलकाता, 20 अगस्त : कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला चिकित्सक के साथ कथित बलात्कार और हत्या की घटना के खिलाफ 21 अगस्त से पांच दिन तक श्यामबाजार मेट्रो स्टेशन के समीप धरना-प्रदर्शन करने की अनुमति दे दी. राज्य सरकार की ओर से पेश वकील ने कहा कि केवल एक दिन के लिए प्रदर्शन की अनुमति दी जाए. उसने दावा किया कि पांच दिन तक धरना-प्रदर्शन से आम जनता को असुविधा होगी.

भाजपा की ओर से पेश वकील ने बुधवार से छह दिन तक प्रदर्शन करने की अनुमति देने का अनुरोध किया था. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति राजर्षि भारद्वाज ने भाजपा को प्रस्तावित स्थल पर पांच दिन तक धरना देने की अनुमति दे दी. यह स्थल आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से करीब आधा किलोमीटर दूर है. अदालत ने निर्देश दिया कि बुधवार से रविवार तक हर दिन दोपहर 12 बजे से रात नौ बजे तक प्रदर्शन में 300 से अधिक लोग नहीं होने चाहिए. यह भी पढ़ें : Badlapur Sexual Assault Case: उद्धव ठाकरे ने शिंदे सरकार को घेरा, कहा; जिस स्कूल में बच्चियों से घिनौनी हरकत हुई, वह BJP के लोगों का! हो कार्रवाई

कोलकाता में सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नौ अगस्त को ड्यूटी के दौरान स्नातकोत्तर प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई. इस घटना के अगले दिन एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. घटना के बाद से देशभर के चिकित्सक मृतका के परिवार को न्याय दिलाने तथा कार्य स्थलों पर बेहतर सुरक्षा के लिए कानून लाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पिछले सप्ताह कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद कोलकाता पुलिस से इस मामले की जांच का जिम्मा खुद लिया.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 20, 2024 03:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).