तिरुवनंतपुरम, 19 सितंबर सोने की तस्करी के मामले के कारण विवादों में घिरे केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने विवाद के बीच में कुरान को लाने को लेकर कांग्रेस नीत यूडीएफ की शनिवार को निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मामले में भाजपा-आरएसएस के नक्शे कदम पर चल रहा है और उन्हें आत्म विश्लेषण करने की आवश्यकता है।
विजयन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सबसे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा ने आरोप लगाया था कि यूएई से कुरान मंगाने के बहाने सोने की तस्करी की गई थी।
यह भी पढ़े | India’s First CRISPR COVID-19 Test: टाटा समूह ने पेश किया देश का पहला CRISPR कोविड-19 टेस्ट.
उन्होंने कहा कि यूडीएफ के कांग्रेस और मुस्लिम लीग नेताओं ने भी बाद में ऐसा कहना शुरू कर दिया।
विजयन से सवाल किया गया था कि मंत्री के टी जलील के खिलाफ प्रदर्शनों को कुरान के खिलाफ किस प्रकार कहा जा सकता है।
प्रवर्तन निदेशालय और एनआईए ने जलील से यहां यूएई वाणिज्यदूतावास द्वारा कुरान मंगाये जाने और स्वप्ना सुरेश के साथ टेलीफोन पर बातचीत को लेकर हाल में पूछताछ की थी।
विजयन ने कहा कि कुरान के यूएई वाणिज्यदूतावास लाए जाने के बाद महावाणिज्य दूत ने रमजान के दौरान इसे बांटने के लिए जलील से मदद मांगी थी और मंत्री ने ऐसा कर दिया।
उसने कहा, ‘‘जब भाजपा-आरएसएस ऐसे आरोप लगाते हैं तो यह बात समझ आती है, लेकिन बाद में कांग्रेस और आईयूएमएल नेताओं ने भी इसी तरह की बात कही और इसका प्रचार किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘... अब ऐसा लगता है कि उन्हें समझ आ गया है कि इसका उल्टा असर हुआ है। यह अच्छी बात है कि उन्हें अपनी भूल का एहसास हो गया है।’’
विजयन ने कहा, ‘‘पवित्र पुस्तक को इस विवाद में घसीटने और राज्य सरकार एवं मंत्री पर निशाना साधने की कोई जरूरत नहीं थीं’’
कुरान मंगाने के बहाने सोने की तस्करी करने के विपक्ष के आरोप के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इसका जवाब उन्हें देना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आईयूएमएल को आत्म विश्लेषण करने की आवश्यकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY