देश की खबरें | जेपी इंफ्राटेक : एनबीसीसीकी योजना के खिलाफ एनसीएलएटी में लंबित अपील न्यायालय ने मंगाईं
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, छह अगस्त उच्चतम न्यायालय ने कर्ज में डूबी जेपी इंफ्रोटेक का अधिग्रहण करने और 20,000 से ज्यादा लंबित फ्लैट के निर्माण की एनबीसीसी की योजना के खिलाफ राष्ट्रीय कंपनी कानून अपीली अधिकरण मे दायर अपील बृहस्पतिवार को अपने यहां स्थानांतरित कर लीं।

शीर्ष अदालत ने कहा कि इस अपीली अधिकरण और उच्चतम न्यायालय में लंबित सारी अपीलों पर एक साथ सुनवाई की जायेगी ताकि इस योजना के अमल में अनावश्यक विलंब से बचा जा सके।

यह भी पढ़े | Pakistan New Political Map: पाकिस्तान के नए नक्शे पर MEA ने दी तीखी प्रतिक्रिया, PAK आतंकवाद के दम पर जमीन हथियाना चाहता है.

न्यायमूर्ति ए एम खानविलकर और न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी की पीठ ने सुनवाई की अगली तारीख तक के लिये एनसीएलएटी के 22 अप्रैल के आदेश पर भी रोक लगा दी। इस आदेश के तहत सरकारी स्वामित्व वाली एनबीसीसी को वित्तीय संकट में फंसी जेपी इंफ्राटेक के अधिग्रहण और इसकी रूकी हुयी परियोजनाओं के निर्माण को शुरू करने की सशर्त अनुमति दी थी।

पीठ ने कहा कि इस बीच अंतरिम रिजोल्यूशन प्रोफेशनल कंपनी के कामकाज का प्रबंधन देखते रहेंगे।

यह भी पढ़े | Liquor Sale in Assam: असम सरकार ने राज्य में लाइसेंस के साथ बार में शराब देने की अनुमति दी.

पीठ ने अपने आदेश में कहा, ‘‘यह निर्देश दिया जाता है कि एनसीएलएटी में लंबित मामले इस आदेश के अनुरूप न्यायालय में स्थानांतरित माने जायेंगे जिनकी इन अपीलों के साथ ही सुनवाई होगी। इन अपीलों को स्थानांतरित मामलों के साथ 31 अगस्त, 2020 को सूचीबद्ध किया जाये।’’

पीठ ने न्यायालय की रजिस्ट्री को निर्देश दिया कि इन सभी स्थानांतरित मामलों और एनसीएलएटी के 22 अप्रैल के आदेश के खिलाफ अपीलों को अगली तारीख पर एकसाथ सूचीबद्ध किया जाये।

एनसीएलएटी ने 22 अप्रैल को एनबीसीसी से कहा था कि वह कर्ज में डूबे जेपी इंफ्राटेक के अधिग्रहण के प्रस्ताव पर अमल करे और 20,000 से ज्यादा फ्लैट के निर्माण का काम पूरा करे लेकिन यह निर्देश उसके अंतिम आदेश के दायरे में होगा।

एनबीसीसी की समाधान योजना को एनसीएलटी पहले ही अपनी मंजूरी दे चुका है लेकिन जेपी समूह और एनबीसीसी ने इसके खिलाफ अपील दायर कर दी थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)