ताजा खबरें | हिमाचल: कांगड़ा से भाजपा उम्मीदवार और हमीरपुर से कांग्रेस उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल किया

धर्मशाला/हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 10 मई हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार राजीव भारद्वाज और राज्य की हमीरपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सतपाल रायजादा ने शुक्रवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किये।

हिमाचल प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीट के लिए अंतिम चरण (सातवां चरण) में एक जून को मतदान होगा।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के करीबी रिश्तेदार भारद्वाज का मुकाबला कांग्रेस के चार बार के राज्यसभा सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा से है। शर्मा ने बृहस्पतिवार को अपना नामांकन दाखिल किया था। भारद्वाज के साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष वी. परमार भी थे।

भारद्वाज ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "मैं जमीन से जुड़ा हुआ हूं, मैंने बूथ अध्यक्ष के रूप में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया और यहां तक पहुंचा हूं।"

कांग्रेस उम्मीदवार सतपाल रायजादा ने भी हमीरपुर लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस की प्रदेश इकाई अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर भी थे।

ऊना से पूर्व विधायक रायजादा का मुकाबला चार बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से है।

इस बीच कांग्रेस के बागी और अब भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र राणा तथा भाजपा छोड़कर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे कैप्टन रणजीत सिंह ने भी सुजानपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

कांग्रेस के एक अन्य बागी एवं अब भाजपा उम्मीदवार इंद्र दत्त लखनपाल ने भी बड़सर विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर उनके साथ अनुराग ठाकुर मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)