एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | गहलोत ने सवाई मानसिंह अस्पताल परिसर में आईपीडी टॉवर एवं हृदय रोग संस्थान का शिलान्यास किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा सुदृढ़ बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

देश की खबरें | गहलोत ने सवाई मानसिंह अस्पताल परिसर में आईपीडी टॉवर एवं हृदय रोग संस्थान का शिलान्यास किया

जयपुर, पांच अप्रैल राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा सुदृढ़ बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

गहलोत ने मंगलवार को सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल परिसर में 588 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आईपीडी टावर एवं हृदय रोग संस्थान के शिलान्यास के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अत्याधुनिक मेडिकल सुविधाओं से युक्त इस आईपीडी टावर के शिलान्यास के साथ ही चिकित्सा के क्षेत्र में राजस्थान में आज नयी शुरुआत हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार का मकसद प्रदेश के हर गांव-ढाणी तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। राज्य सरकार जल्द ही ‘स्वास्थ्य का अधिकार’ कानून लाकर सभी को स्वास्थ्य का अधिकार प्रदान करेगी।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूली बच्चों को प्राथमिक स्तर से ही स्वास्थ्य संबंधी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास कर रही है। इस संबंध में शिक्षा विभाग मसौदा तैयार कर रहा है।

कार्यक्रम में देश के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. देवी प्रसाद शेट्टी, डॉ. नरेश त्रेहन, डॉ. वीके पॉल, डॉ. रणदीप गुलेरिया, डॉ एस के सरीन आदि शामिल हुए। नारायणा हेल्थ के चैयरमेन डॉ. देवी प्रसाद शेट्टी ने कहा कि अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राजस्थान की यह नयी पहल देश के अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय है।

मेदान्ता हार्ट इंस्टीट्यूट के सीएमडी डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा कि एसएमएस अस्पताल में प्रतिमाह करीब 700 एंजियोप्लास्टी होना दर्शाता है कि यह अस्पताल कितनी बड़ी संख्या में हदय रोगियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा कर रहा है। हदय रोग संस्थान के बनने के बाद देश के अन्य राज्यों से भी लोग यहां दिल की सर्जरी कराने आएंगे।

नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने कहा कि आज का दिन देश और राजस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। इससे एसएमएस अस्पताल की नयी एवं अत्याधुनिक छवि दुनिया को दिखाई देगी और यह अस्पताल चिकित्सा क्षेत्र में नवाचारों, टेली मेडिसिन, अनुसंधान, नर्सिंग शिक्षा की कर्मभूमि के रूप में विकसित होगा।

एम्स दिल्ली के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के कारण बीते दो साल पूरी दुनिया के लिए चुनौतीपूर्ण रहे हैं। ऐसे में आवश्यक है कि स्वास्थ्य सेवाओं में निवेश को बढ़ावा मिले और आईपीडी टावर तथा हदय रोग संस्थान का शिलान्यास इसी दिशा में महत्वाकांक्षी प्रयास हैं।

गहलोत ने निरोगी राजस्थान मेडिफेस्ट-2022 का उद्घाटन भी किया। दो दिवसीय मेडिफेस्ट के दौरान 18 इंटरेक्टिव सेशन होंगे। जिनमें विशेषज्ञ चिकित्सक संवाद करेंगे। नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि राजस्थान स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनेगा। 116 मीटर ऊंचे इस टावर पर हेलीपेड भी होगा। टावर बनने से एक साथ 1200 बेड की सुविधा बढ़ेगी।

राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि देश में अपनी तरह का यह पहला टावर है जहां अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि एसएमएस अस्पताल में बाह्य मरीजों की संख्या प्रतिदिन करीब 15 हजार है। ऐसे में यह टावर बनने बाद इलाज के लिए एसएमएस आने वाले मरीजों को राहत मिलेगी और उन्हें समस्त सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी।

24 मंजिला आईपीडी टावर अगले 32 माह में बनकर तैयार होगा। 1200 बेड की क्षमता वाले इस टावर की ऊंचाई 116 मीटर होगी। इस आईपीडी टावर के सबसे ऊपरी फ्लोर पर एक हेलीपेड बनाया जायेगा जहां से मरीजों को विमान के जरिए एयरलिफ्ट की सुविधा मिल सकेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 05, 2022 07:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).