जरुरी जानकारी | लगातार छह माह गिरने के बाद सितंबर में छह प्रतिशत बढ़कर 27.58 अरब डॉलर पर पहुंचा निर्यात

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर देश के निर्यात में सितंबर में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। इससे पहले लगातार छह माह तक निर्यात का आंकड़ा नीचे आया था। बृहस्पतिवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार सितंबर में निर्यात सालाना आधार पर 5.99 प्रतिशत बढ़कर 27.58 अरब डॉलर पर पहुंच गया। मुख्य रूप से दवाओं, फार्मास्युटिकल्स सामान तथा सिलेसिलाए परिधानों से कुल निर्यात बढ़ा है।

सितंबर, 2019 में कुल निर्यात 26.02 अरब डॉलर रहा था।

यह भी पढ़े | Ranveer Singh’s car meets with minor accident: रणवीर सिंह की कार को बाइक ने मारी टक्कर, घटना का वीडियो आया सामने.

वहीं, समीक्षाधीन महीने में देश का आयात 19.6 प्रतिशत घटकर 30.31 अरब डॉलर रह गया। हालांकि, एक साल पहले इसी महीने में यह 37.69 अरब डॉलर रहा था।

सितंबर में व्यापार घाटा कम होकर 2.72 अरब डॉलर रह गया जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 11.67 अरब डॉलर रहा था।

यह भी पढ़े | Rahul Gandhi Attack on Modi Government: राहुल गांधी ने ट्वीट कर मोदी सरकार पर किया हमला, कही ये बात.

समीक्षाधीन महीने में सोने के आयात में करीब 53 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 60.14 करोड़ डॉलर रह गया।

चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही अप्रैल-सितंबर के दौरान हुये निर्यात की बात की जाये तो इस दौरान इसमें 16.66 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 221.86 अरब डॉलर रहा है। वहीं, इस दौरान आयात 35.43 प्रतिशत घटकर 204.12 अरब डॉलर रह गया।

आंकड़ों के अनुसार सितंबर में लौह अयस्क का निर्यात 109.65 प्रतिशत बढ़कर 30.34 करोड़ डॉलर, सिलेसिलाए परिधानों का निर्यात 10.22 प्रतिशत बढ़कर 1.19 अरब डॉलर और चावल का निर्यात 93.86 प्रतिशत बढ़कर 72.51 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। इसी तरह दवाओं और औषधियों का निर्यात 24.38 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2.24 अरब डॉलर रहा।

हालांकि, इस दौरान रत्न एवं आभूषणों के निर्यात में 24.67 प्रतिशत की गिरावट रही। वहीं अभ्रक, कोयला और अन्य अयस्कों, खनिजों के निर्यात में 6.71 प्रतिशत की गिरावट आई।

आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में गैर-पेट्रोलियम और गैर-रत्न एवं आभूषण निर्यात 11.94 प्रतिशत बढ़कर 21.27 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 19 अरब डॉलर रहा था।

वहीं समीक्षाधीन महीने में कच्चे तेल का आयात 35.88 प्रतिशत घटकर 5.83 अरब डॉलर रह गया। जबकि पहली छमाही में कच्चे तेल का आयात 51.14 प्रतिशत घटकर 31.86 अरब डॉलर रहा है।

बयान में कहा गया है, ‘‘विश्वबैंक से उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वैश्विक ब्रेंट का दाम (डॉलर/बीबीएल) सितंबर, 2020 में सितंबर, 2019 की तुलना में 34.08 प्रतिशत घटा है।’’

वस्तुओं और सेवाओं दोनों को साथ जोड़ने के बाद अप्रैल-सितंबर के दौरान भारत का व्यापार अधिशेष 17.74 अरब डॉलर रहा है जबकि एक साल पहले की इसी अवधि में 49.91 अरब डॉलर का व्यापार घाटा हुआ था।

आंकड़ों के अनुसार सितंबर में सेवाओं का निर्यात 16.34 अरब डॉलर और आयात 9.49 अरब डॉलर रहा है। कोविड-19 महामारी की वजह से वैश्विक मांग में गिरावट के चलते इस साल मार्च से भारत के निर्यात में लगातार गिरावट आ रही थी।

अजय

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)