देश की खबरें | पहलगाम आतंकी हमले पर केंद्र की किसी भी कार्रवाई का समर्थन करेगी कांग्रेस : प्रियंका गांधी

वायनाड (केरल), चार मई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में केंद्र सरकार की किसी भी कार्रवाई का पूरा समर्थन करेगी।

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) ने पहले ही इस रुख की पुष्टि करते हुए एक प्रस्ताव पारित कर दिया है।

वायनाड की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार पहलगाम हमले के मद्देनजर तेजी से कार्रवाई करेगी

प्रियंका ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ कांग्रेस पार्टी...सीडब्ल्यूसी की बैठक हुई और हमने एक प्रस्ताव पारित किया। प्रस्ताव में हमने कहा है कि सरकार जो भी कदम उठाने का फैसला करेगी, हम उसके साथ हैं। और हमें उम्मीद है कि वे जल्द ही कदम उठाएंगे।’’

कांग्रेस ने पहलगाम हमले की पृष्ठभूमि में शुक्रवार को केंद्र से पाकिस्तान को लगातार आतंक का निर्यात करने के लिए दंडित करने के वास्ते दृढ़ता से काम करने का आग्रह किया और कहा कि यह एक राष्ट्र के रूप में ‘पाकिस्तान को सबक सिखाने’ के लिए हमारी सामूहिक इच्छाशक्ति दिखाने का समय है।

कांग्रेस ने राष्ट्रीय एकता और दृढ़ संकल्प का आह्वान करते हुए देश के सबसे अधिक सुरक्षा वाले क्षेत्रों में से एक में सुरक्षा और खुफिया जानकारी में ‘गंभीर चूक’ के लिए ‘समयबद्ध जवाबदेही’ तय करने की जरूरत को भी रेखांकित किया।

विपक्षी दल ने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) द्वारा पारित एक प्रस्ताव में ये बातें कहीं।

सीडब्ल्यूसी की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की, जिसमें पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा महासचिव जयराम रमेश, के सी वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी वाद्रा सहित अन्य लोग शामिल हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)