देश की खबरें | ओडिशा में एक-दूसरे को बचाने के लिए कांग्रेस, बीजद में गुप्त समझौता : भाजपा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भुवनेश्वर, 29 नवंबर ओडिशा में रविवार को विपक्षी भाजपा ने सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के बीच ''गुप्त समझौता'' होने और विधानसभा में कथित तौर पर एक-दूसरे को बचाने का आरोप लगाया।

सदन में विपक्ष के नेता पीके नाइक और उनकी पार्टी के विधायकों ने कृषि मंत्री अरुण कुमार साहू को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई। नयागढ़ जिले में पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण एवं हत्या के आरोपी को कथित तौर पर बचाने को लेकर विपक्ष ने साहू को हटाए जाने की मांग की।

यह भी पढ़े | MiG-29 Crash: अरब सागर में मिला लापता कमांडर निशांत सिंह के दुर्घटनाग्रस्त मिग-29 का मलबा, उनकी खोज जारी.

इससे पहले दिन में भाजपा के विधायकों ने विधानसभा की कार्यवाही बाधित की। वहीं, कांग्रेस के विधायकों ने कहा कि जब ओडिशा सरकार उच्च न्यायालय की निगरानी में विशेष जांच दल के गठन की घोषणा कर चुकी है तो ऐसे में कार्यवाही बाधित करने का कोई औचित्य नहीं है।

बाद में नाइक के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरना दिया।

यह भी पढ़े | दिल्ली-यूपी के गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए बड़े पैमाने पर सुरक्षा बल तैनात: 29 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

नाइक ने आरोप लगाया कि मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही कांग्रेस ने बीजद के साथ हुए ''गुप्त समझौते'' के बाद अचानक पलटी मारते हुए अपना विरोध वापस ले लिया।

वहीं, कांग्रेस विधायक दल के नेता नरसिंह मिश्रा ने कहा कि किसी को ऐसा नहीं सोचना चाहिए कि उच्च न्यायालय की निगरानी में होने वाली जांच को कोई मंत्री प्रभावित कर सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)