रायपुर, चार सितंबर छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक डी.एम. अवस्थी ने कहा है कि राज्य में अगले तीन माह में नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज होगा।
राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को यहां बताया कि पुलिस महानिदेशक की अध्यक्षता में आज यहां पुलिस मुख्यालय में नक्सल विरोधी अभियान तेज करने के लिए राज्यस्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई जिसमें सुरक्षाबलों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और नक्सल विरोधी अभियान को अधिक प्रभावी तरीके से चलाने पर चर्चा की गई।
बैठक में अवस्थी ने कहा कि बारिश के बाद आगामी तीन माह में नक्सलियों के खिलाफ और अधिक तेजी से अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को नक्सल रोधी अभियान की आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
अवस्थी ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान तेज करने के लिए पुल-पुलियों का निर्माण तेजी से किया जाए। सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर जैसे स्थानों पर योजना बनाकर नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। नक्सलियों के साथ उनके समर्थकों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए।
पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को नक्सलियों की आपूर्ति लाइन तोड़ने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि बैठक में सीआरपीएफ सेंट्रल जोन के विशेष महानिदेशक कुलदीप सिंह, एडीजी बीएसएफ एसएल थाओसेन, एडीजी नक्सल अभियान अशोक जुनेजा, आईजी सीआरपीएफ छत्तीसगढ़ प्रकाश डी, आईजी आईटीबीपी छोटाराम जाट, डीआईजी कांकेर संजीव शुक्ला, डीआईजी एसआईबी ओपी पाल और संयुक्त निदेशक (आईबी) समीर एस मौजूद थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY