इंदौर, चार जून इंदौर निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी का शव मेघालय से बुधवार शाम को उनके गृहनगर लाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि राजा रघुवंशी (29) और उनकी नवविवाहिता पत्नी सोनम 'हनीमून' मनाने पूर्वोत्तर राज्य मेघालय गए थे और वहां 23 मई को लापता हो गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि राजा रघुवंशी का शव सोमवार (दो जून) को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला था, जबकि उनकी पत्नी की तलाश जारी है।
राजा रघुवंशी के अंतिम संस्कार के बीच, उनके परिजनों ने मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने की मांग दोहरायी और चेतावनी दी कि यह मांग नहीं मानी गई, तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
29 वर्षीय ट्रांसपोर्ट कारोबारी का शव जब उनके इंदौर स्थित घर लाया गया, तो शोक में डूबे परिजनों ने विलाप शुरू कर दिया। इस घर में जहां पिछले महीने शादी की रौनक थी, वहां मातमी माहौल पसर गया।
रघुवंशी के सहकार नगर स्थित घर के बाहर उनके परिवार ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर विशाल बैनर भी टांग दिया है। इस बैनर पर लिखा है-"केंद्र सरकार और राज्य सरकार से राजा की आत्मा करे पुकार-मैं मरा नहीं, मुझे मारा गया है। सीबीआई से कराई जाए जांच।"
बैनर पर राजा रघुवंशी और उनकी लापता पत्नी सोनम की शादी तस्वीरें भी छापी गई हैं।
रघुवंशी की शवयात्रा में शामिल हुए लोगों ने "हमें इंसाफ चाहिए, सीबीआई की जांच चाहिए" का नारा लगाया।
राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन रघुवंशी ने ‘पीटीआई-’ से कहा,‘‘सरकार से हमारी मांग है कि मेरे भाई राजा की हत्या और बहू सोनम के लापता होने के मामले की जल्द से जल्द सीबीआई जांच कराई जाए। वरना हमें धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY