संघर्षों के लिए पहचाना जाने वाला असम का बोडोलैंड अब युवाओं की फुटबॉल प्रतिभा के लिए प्रसिद्ध: PM नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि असम का बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) जो कभी संघर्षों के लिए जाना जाता था, अब वहां के युवाओं के फुटबॉल कौशल से पहचाना जाता है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवा फुटबॉल खिलाड़ी, जिन्होंने कठिनाइयों और चुनौतियों को हराकर मैदान पर चमक दिखाई है, देश भर में अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बन गए हैं.
गुवाहाटी, 29 जून : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि असम का बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) जो कभी संघर्षों के लिए जाना जाता था, अब वहां के युवाओं के फुटबॉल कौशल से पहचाना जाता है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवा फुटबॉल खिलाड़ी, जिन्होंने कठिनाइयों और चुनौतियों को हराकर मैदान पर चमक दिखाई है, देश भर में अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बन गए हैं. अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के दौरान बीटीआर में शांति बहाल होने का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘बोडोलैंड देश के सामने एक नयी पहचान के साथ खड़ा है. युवाओं में ऊर्जा और उनका आत्मविश्वास सबसे ज्यादा फुटबॉल के मैदान पर दिखता है." बीटीआर में बोडोलैंड सीईएम कप का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह महज एक टूर्नामेंट नहीं है "यह एकता और आशा का उत्सव बन गया है." उन्होंने बताया कि इसमें 3,700 से अधिक टीम और लगभग 70,000 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लड़कियां हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ये आंकड़े बोडोलैंड में आए बदलाव की कहानी बयां करते हैं. बोडोलैंड अब देश के खेल मानचित्र पर और भी चमक रहा है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक समय था जब संघर्ष ही बोडोलैंड की पहचान थी. तब यहां के युवाओं के लिए रास्ते सीमित थे. लेकिन आज उनकी आंखों में नए सपने हैं और दिलों में आत्मनिर्भरता का हौसला है.’’ प्रधानमंत्री ने हालीचरण नारजारी, दुर्गा बोरो, अपूर्वा नारजारी, मनबीर बसुमतारी जैसे खिलाड़ियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बोडोलैंड के फुटबॉल खिलाड़ी अब उच्च स्तर पर पहचान बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि ये सिर्फ फुटबॉल खिलाड़ियों के नाम नहीं हैं- ये उस नयी पीढ़ी की पहचान है जिन्होंने बोडोलैंड को मैदान से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया. मोदी ने कहा, ‘‘इनमें से कई ने सीमित संसाधनों में अभ्यास किया, कई ने कठिन परिस्थितियों में अपने रास्ते बनाए, और आज इनका नाम लेकर देश के कितने ही नन्हें बच्चे अपने सपनों की शुरुआत करते हैं.’’ यह भी पढ़ें : तोड़फोड़ के खिलाफ झुग्गीवासियों से केजरीवाल की प्रदर्शन की अपील, भाजपा-कांग्रेस को ‘भाई-बहन’ बताया
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने प्रधानमंत्री के प्रसारित क्लिप को ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा, ‘‘बोडोलैंड सीईएम कप- जो इस क्षेत्र में पहले अकल्पनीय था - इस बात का उदाहरण है कि कैसे सही नेतृत्व के साथ, हमारे युवाओं की शक्ति का इस्तेमाल आतंक के बजाय प्रतिभाओं को उभारने के लिए किया जा सकता है." मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वास्तव में, पिछले पांच वर्षों में उग्रवाद के केंद्र से बीटीआर का शांति के केंद्र में परिवर्तन, पूर्वोत्तर के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता का सबसे अच्छा उदाहरण है." बोडोलैंड सीईएम कप 1.0 की शुरुआत 15 जून को बीटीआर के सभी पांच जिलों में हुई. इसमें 420 ग्राम परिषद विकास समितियां (वीसीडीसी) शामिल होंगी और यह चार चरणों में आयोजित किया जाएगा. इस आयोजन का कुल बजट 6.44 करोड़ रुपये है, तथा कुल पुरस्कार राशि 72.55 लाख रुपये है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 29, 2025 05:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

