अमेरिका ने उ.कोरिया से संबंध बेहतर करने के लिए द.कोरिया के साथ बंद किया सैन्य अभ्यास
मेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) उत्तर कोरिया के साथ संबंध बेहतर करने के लिए दक्षिण कोरिया (Korea) के साथ प्रति वर्ष व्यापक स्तर पर होने वाले सैन्य अभ्यास को ‘‘बंद’’ करने की योजना बना रहे हैं.
वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) उत्तर कोरिया के साथ संबंध बेहतर करने के लिए दक्षिण कोरिया (Korea) के साथ प्रति वर्ष व्यापक स्तर पर होने वाले सैन्य अभ्यास को ‘‘बंद’’ करने की योजना बना रहे हैं. नाम उजागर ना करने की शर्त पर एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. ट्रम्प और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन (Kim Jong-un) की हनोई में शिखर वार्ता होने के तुरंत बाद यह बात सामने आई है. हालांकि यह वार्ता बेनतीजा रही, लेकिन दोनों पक्षों ने कहा है कि वह बातचीत जारी रखेंगे.
‘एनबीसी न्यूज’ ने सबसे पहले ‘फोल ईगल’ अभ्यास बंद किए जाने की खबर दो अमेरिकी रक्षा आधिकारियों के हवाले से दी थी. ‘फोल ईगल’ अभ्यास अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच किए जाने वाला सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास है, जो वसंत में किया जाता है. इससे उत्तर कोरिया हमेशा नाराज रहा है तथा इसे घुसपैठ की तैयारी बताते हुए इसकी निंदा करता रहा है. अभी तक इसमें 2,00,000 दक्षिण कोरियाई सैनिकों और 3,00,000 अमेरिकी सैनिकों ने हिस्सा लिया है.
यह भी पढ़ें: वियतनाम: राष्ट्रपति ट्रंप और उत्तर कोरिया नेता के किम जोंग-उन करेंगे आमने-सामने मुलाकात
ट्रम्प और किम के बीच पिछले साल सिंगापुर में हुई शिखर वार्ता के बाद से ही अमेरिका और सियोल ने कई संयुक्त सैन्य अभ्यास के स्तर को कम किया है अथवा बंद किया है. अमेरिकी बमवर्षक भी अब दक्षिण कोरिया पर उड़ान नहीं भर रहे हैं. ट्रम्प इन अभ्यासों को लगातार मंहगा बताते आए हैं.
‘एनबीसी‘ की खबर में कहा गया था कि इसके स्थान पर वार्षिक "छोटा एवं मिशन-विशिष्ट प्रशिक्षण’’ किया जा सकता है. रिपब्लिकन राष्ट्रपति ने हालांकि दक्षिण कोरिया में तैनात 28,500 अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाने से इनकार कर दिया है, जिन्हें उसके परमाणु सम्पन्न पड़ोसी देश से बचाने के लिए वहां तैनात किया गया है. गौरतलब है कि उत्तर कोरिया ने 1950 में दक्षिण कोरिया पर आक्रमण किया था.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 02, 2019 11:10 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

