पटना: बिहार में आगामी राज्यसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपनी रणनीति को लेकर अहम बैठक की. इस बैठक में गठबंधन के विधायकों और नेताओं ने भाग लिया और राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर जीत का दावा किया. जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और चुनाव में जीत सुनिश्चित है. Bihar Politics: 'मेरे दिल में एक इच्छा रही है', नीतीश कुमार ने राज्यसभा की दावेदारी पक्की की; नई बिहार सरकार को समर्थन का दिया भरोसा
उमेश कुशवाहा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “हम लोगों की जीत सुनिश्चित है. हमने विधायकों के साथ बैठक की है, जिसमें सभी प्रदेश अध्यक्ष शामिल हुए. बैठक में रणनीति पर चर्चा हुई है, लेकिन अभी उसका पूरा विवरण नहीं बताया जा सकता. कल सभी को इसकी जानकारी दी जाएगी.”
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए की एकजुटता से विपक्ष घबराया हुआ है. उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जो भी कोशिश कर ले, लेकिन राज्यसभा चुनाव में जीत एनडीए की ही होगी.
जदयू विधायक मंजीत सिंह ने भी भरोसा जताते हुए कहा कि राज्यसभा की पांचों सीटें एनडीए के खाते में जाएंगी. उन्होंने कहा कि गठबंधन के पास पर्याप्त बहुमत और वोट मौजूद हैं, इसलिए जीत को लेकर किसी तरह की कोई दुविधा नहीं है.
बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि बैठक में मतदान की रणनीति पर भी चर्चा की गई. उन्होंने कहा कि सभी विधायकों को मंगलवार सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान सुनिश्चित करना होगा. इसके अलावा एनडीए उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर भोज का आयोजन किया गया है, जहां सभी विधायक शामिल होंगे.
जदयू विधायक कोमल सिंह ने कहा कि एनडीए विधायकों की बैठक के साथ-साथ उपेंद्र कुशवाहा के घर पर भी अलग से बैठक हो रही है, जिसमें चुनाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.
भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने पहली बार वोट देने वाले विधायकों को लेकर कहा कि कई नए विधायक हैं, जिन्हें मतदान की प्रक्रिया समझाई जा रही है. उन्होंने बताया कि यह एक नियमित फॉलोअप प्रक्रिया है ताकि मतदान के दौरान कोई गलती न हो.
वहीं मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा के आह्वान पर सभी विधायक एकत्र हो रहे हैं और चुनावी रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं. उन्होंने भी दावा किया कि एनडीए राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर जीत हासिल करेगा. इस दौरान जदयू विधायक हरि नारायण सिंह और भाजपा विधायक रत्नेश कुशवाहा ने भी एनडीए उम्मीदवारों की जीत का भरोसा जताया.
बता दें कि बिहार में राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं. इन सीटों के लिए एनडीए ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, शिवेश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा (आरएलएम) को उम्मीदवार बनाया है. विधानसभा में एनडीए के पास मजबूत बहुमत है, हालांकि पांचवीं सीट के लिए अतिरिक्त समर्थन जुटाने की रणनीति पर भी ध्यान दिया जा रहा है. विपक्षी दलों का महागठबंधन भी मैदान में है, लेकिन एनडीए नेता गणित और एकजुटता के आधार पर सभी सीटों पर जीत का दावा कर रहे हैं.