Ant Smuggling: केन्या में 2,000 से ज्यादा जिंदा चींटियों की तस्करी की कोशिश नाकाम, एयरपोर्ट पर गिरफ्तार हुआ चीनी नागरिक
चींटियों के शौकीन लोग इन्हें पारदर्शी कंटेनरों में बने विशेष घरों, जिन्हें फॉर्मिकारियम कहा जाता है, में पालते हैं. इन कंटेनरों के जरिए चींटियों के सामाजिक व्यवहार और उनकी जटिल संरचना को करीब से देखा जा सकता है. इसी वजह से कुछ दुर्लभ प्रजातियों की चींटियों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी कीमत मिलती है.
नैरोबी: केन्या की राजधानी नैरोबी के मुख्य एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने एक चीनी नागरिक को 2,000 से अधिक जिंदा चींटियों की तस्करी करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के मुताबिक आरोपी अपने सामान में हजारों चींटियां छिपाकर देश से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा था. Lizard Smuggling: असम में 11 दुर्लभ छिपकलियां बरामद, 1 की कीमत एक लाख रुपये, 3 तस्कर गिरफ्तार
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, 27 वर्षीय चीनी नागरिक झांग केकुन को मंगलवार को जोमो केन्याटा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय पकड़ा गया जब वह देश छोड़ने की कोशिश कर रहा था. कोर्ट में पेश दस्तावेजों के मुताबिक पिछले साल गिरफ्तारी से बच निकलने के बाद इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसके पासपोर्ट पर ‘स्टॉप ऑर्डर’ लगा दिया था.
जांचकर्ताओं ने बताया कि झांग के सामान की तलाशी लेने पर कुल 2,238 जिंदा चींटियां बरामद हुईं. इनमें से 1,948 चींटियां टेस्ट ट्यूब में रखी गई थीं, जबकि बाकी तीन रोल सॉफ्ट टिशू पेपर में छिपाकर रखी गई थीं. अधिकारियों के अनुसार झांग पिछले दो सप्ताह से केन्या में था और उसने पूछताछ में तीन सहयोगियों का जिक्र किया है जिन्होंने उसे ये चींटियां उपलब्ध कराईं.
दरअसल, चींटियों के शौकीन लोग इन्हें पारदर्शी कंटेनरों में बने विशेष घरों, जिन्हें फॉर्मिकारियम कहा जाता है, में पालते हैं. इन कंटेनरों के जरिए चींटियों के सामाजिक व्यवहार और उनकी जटिल संरचना को करीब से देखा जा सकता है. इसी वजह से कुछ दुर्लभ प्रजातियों की चींटियों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी कीमत मिलती है.
केन्या वाइल्डलाइफ सर्विस ने अदालत से कहा है कि मामले की जांच पूरी करने के लिए और समय चाहिए. अधिकारियों ने झांग के पास से बरामद आईफोन और मैकबुक की भी जांच शुरू कर दी है.
अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को बैंकॉक में भी केन्या से भेजी गई चींटियों की एक खेप जब्त की गई, जिससे संकेत मिलता है कि चींटियों की तस्करी का एक संगठित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क सक्रिय हो सकता है.
पिछले साल भी चार लोगों को हजारों चींटियों की तस्करी करने की कोशिश में पकड़ा गया था और प्रत्येक पर 7,700 डॉलर का जुर्माना लगाया गया था. विशेषज्ञों का कहना है कि अब वन्यजीव तस्करी में हाथी दांत जैसे बड़े शिकार के बजाय कम चर्चित प्रजातियों की अवैध तस्करी के मामले बढ़ रहे हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 12, 2026 08:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

